नीतीश कुमार के जन्मदिन पर बेटे निशांत की राजनीति में एंट्री पक्की? JDU ने दिया बड़ा संकेत

सीएम नीतीश कुमार के जन्मदिन के मौके पर उनके इकलौते बेटे निशांत कुमार चर्चा में बने हुए हैं. JDU ने मांग की है कि निशांत को राजनीति में लाया जाए. वे आज महावीर मंदिर से सीएम आवास तक हर जगह सक्रीय दिखाई दिए.

Sonee Srivastav

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का जन्मदिन रविवार को काफी चर्चा में रहा. इस दिन उनके इकलौते बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) में जोरदार मांग उठी. पार्टी के कई बड़े नेता खुले तौर पर निशांत के जल्द सक्रिय राजनीति में आने की बात कर रहे हैं. वहीं, निशांत खुद भी अपने पिता के जन्मदिन पर काफी सक्रिय दिखे.

मंदिर से सीएम आवास तक निशांत की मौजूदगी

निशांत कुमार ने रविवार सुबह पटना के प्रसिद्ध महावीर मंदिर जाकर बजरंग बली की पूजा की. इसके बाद वे सीधे 1 अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे. यहां उन्होंने पैर छूकर नीतीश कुमार को जन्मदिन की बधाई दी और महावीर मंदिर का प्रसाद चढ़ाया. इस दौरान निशांत की मौजूदगी ने राजनीतिक हलकों में फिर से उनके भविष्य को लेकर चर्चा तेज कर दी.

JDU नेताओं की खुली मांग

JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने एक कार्यक्रम में साफ कहा कि पार्टी के ज्यादातर कार्यकर्ता और नेता चाहते हैं कि मुख्यमंत्री के बेटे निशांत राजनीति में आएं और JDU में शामिल हों. उन्होंने जोर दिया कि अंतिम फैसला नीतीश कुमार खुद लेंगे, लेकिन पार्टी में इसकी मांग बहुत मजबूत है.

JDU की सहयोगी राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने भी नीतीश को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निशांत को मौका मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि चूंकि नीतीश मुख्यमंत्री हैं, इसलिए इस मामले का फैसला भी वे ही करेंगे.

राज्यसभा सीटों पर निशांत का नाम?

बिहार से राज्यसभा की 5 सीटें खाली होने वाली हैं और चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. JDU को संख्याबल के आधार पर कम से कम 2 सीटें मिलने की संभावना है. इस बीच खबरें हैं कि निशांत को राज्यसभा भेजा जा सकता है. हालांकि, पार्टी के किसी भी नेता ने इसकी पुष्टि नहीं की है और ज्यादातर इसे अफवाह बताते हुए इनकार कर रहे हैं.

चुनाव के बाद से निशांत की बढ़ती सक्रियता

निशांत कुमार अब तक राजनीति से दूर रहे हैं, लेकिन पिछले साल के बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से वे सार्वजनिक कार्यक्रमों में दिखने लगे हैं. पटना में कई बार JDU की कमान निशांत को सौंपने के पोस्टर भी लगे हैं. इससे उनके राजनीतिक डेब्यू की अटकलें लगातार बढ़ रही हैं.

नीतीश कुमार के जन्मदिन पर निशांत की सक्रियता और पार्टी नेताओं के बयानों से साफ है कि उनके राजनीति में आने की तैयारी तेज हो गई है. अब सबकी नजरें नीतीश कुमार के फैसले पर टिकी हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag