बिहार: बिहार की राजधानी पटना के बहुचर्चित 'खान सर' कोचिंग सेंटर विवाद में एक नया मोड़ आया है. ज्ञान बिंदु जी.एस. एकेडमी के निदेशक रौशन आनंद के छोटे भाई प्रिंस यादव की नेपाल के एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. रविवार सुबह सामने आई इस घटना के बाद हड़कंप मच गया है. शुरुआती रिपोर्टों में मौत की वजह 'ब्रेन हेमरेज' बताई जा रही है, लेकिन नेपाल पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है.
नेपाल के होटल में ठहरे थे प्रिंस
प्रिंस यादव नेपाल के होटल में अपने 6-7 दोस्तों के साथ ठहरे हुए थे. गिरफ्तारी से बचने के लिए वे नेपाल चले गए थे. रविवार सुबह अचानक उनकी मौत की खबर आई. घटना के वक्त होटल में प्रिंस के साथ मौजूद सभी युवकों को नेपाल पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. मौत की आधिकारिक पुष्टि के बाद प्रिंस यादव के शव को भारत वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
क्या है कोचिंग का पुरा विवाद
इस पूरे विवाद की शुरुआत बीती 2 जून की रात को हुई थी. पटना में फैजल खान उर्फ 'खान सर' के कोचिंग सेंटर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया. जिसमें जमकर तोड़फोड़ की गई और एक सुरक्षा गार्ड को बुरी तरह पीटा गया. खान सर ने आरोप लगाया था कि इस हमले के पीछे पास में ही स्थित 'ज्ञान बिंदु कोचिंग सेंटर' के लोगों का हाथ है.
रौशन आनंद समेत तीन लोग गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. अदालत से जमानत याचिका खारिज होने के बाद रौशन आनंद फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं. प्रिंस यादव पर साल 2021 में भी खान सर के संस्थान पर हमला करने का आरोप लगा था और 2 जून की घटना में भी वे आरोपी थे.
क्रॉस फायर में फंसे खान सर
मामले ने तब नया मोड़ लिया जब तोड़फोड़ के दौरान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. इस वीडियो में खान सर के दो सुरक्षा गार्ड सरेआम फायरिंग करते नजर आए. पुलिस ने दोनों बॉडीगार्ड को गिरफ्तार कर लिया. जिन्होंने बयान दिया कि उन्होंने खान सर के कहने पर ही गोलियां चलाई थीं. इसके बाद पुलिस ने खान सर के खिलाफ आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास जैसी संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज किया. अदालत ने खान सर की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए 20 जून तक उनकी गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है. First Updated : Sunday, 14 June 2026