बिहार में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है. सूत्रों के अनुसार, सम्राट चौधरी का बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो गया है. पार्टी और सहयोगी दलों के बीच सहमति बन चुकी है, अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है. नेतृत्व स्तर पर अंतिम मुहर लग चुकी है और शाम तक सम्राट चौधरी के नाम का आधिकारिक ऐलान हो सकता है. नई सरकार के गठन की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही हैं. शपथ ग्रहण समारोह और मंत्रिमंडल को लेकर भी जल्द तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
सियासी गलियारों में चल रही चर्चाओं के मुताबिक सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री पद संभालना फाइनल हो चुका है. भाजपा और जेडीयू समेत सभी सहयोगी दलों ने इस नाम पर सहमति जता दी है.
बिहार में नई सरकार का शपथ ग्रहण 15 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित है. इससे पहले मंत्रिमंडल के स्वरूप को लेकर भी जानकारी सामने आ गई है. नए मंत्रिमंडल में कुल 24 मंत्री हो सकते हैं.
नए मंत्रिमंडल में भाजपा कोटे से मुख्यमंत्री समेत 11 मंत्री और जेडीयू कोटे से डिप्टी सीएम समेत 9 मंत्री बनाए जा सकते हैं. इसके अलावा एलजेपी (रामविलास) को 2 और हम तथा आरएलएम को 1-1 मंत्री पद मिल सकता है. भाजपा कोटे से विजय कुमार सिन्हा, मंगल पांडे, दिलीप जायसवाल और श्रेयसी सिंह जैसे नाम चर्चा में हैं. वहीं जेडीयू से विजेंद्र यादव, श्रवण कुमार, अशोक चौधरी और लेसी सिंह समेत कई नेताओं के नाम संभावित मंत्रियों की सूची में शामिल हैं.
नीतीश कुमार कैबिनेट की अंतिम बैठक में मौजूदा मंत्रिमंडल को भंग करने का फैसला लिया गया. इसी के साथ आज शाम बिहार के अगले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम का औपचारिक ऐलान किया जा सकता है. नई सरकार के गठन को लेकर सियासी हलचल अब चरम पर है और सभी की नजरें शाम होने वाले आधिकारिक घोषणा पर टिकी हुई हैं. First Updated : Tuesday, 14 April 2026