मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल को लेकर हड़कंप, कहीं सप्लाई रुकी तो कहीं मारपीट की नौबत

मध्य प्रदेश में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफवाहों ने हड़कंप मचा दिया है. कई शहरों में लंबी कतारें लगीं, जबकि कुछ जगहों पर धक्का-मुक्की और मारपीट तक की नौबत आ गई.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का असर अब देश के कुछ हिस्सों में अफवाहों के रूप में देखने को मिल रहा है. हालांकि सरकार ने साफ किया है कि भारत में तेल और गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन इसके बावजूद लोगों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है.

मध्य प्रदेश के कई शहरों में पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक हलचल बढ़ गई. अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लग गईं और कुछ जगहों पर स्थिति इतनी बिगड़ गई कि लोगों के बीच धक्का-मुक्की और मारपीट तक की नौबत आ गई.

शाजापुर में सप्लाई रुकते ही मची अफरा-तफरी

शाजापुर में मंगलवार रात पेट्रोल-डीजल को लेकर स्थिति अचानक बदल गई. शहर के पांच पेट्रोल पंपों में से तीन राधा पंप, बस स्टैंड पंप और बेरछा रोड स्थित एचपी पंप ने कंपनी को अग्रिम भुगतान नहीं किया था, जिसके कारण उनकी सप्लाई रोक दी गई.
जैसे ही यह खबर फैली, बाकी बचे दो पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों इंतजार करते नजर आए.

सहायक आपूर्ति अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने बताया कि कंपनी अब कैश-क्रेडिट पर ईंधन दे रही है, लेकिन जिले में कुल मिलाकर पर्याप्त स्टॉक मौजूद है.

कलेक्टर ऋजु बाफना ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की उपलब्धता सामान्य है. उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें.

इंदौर में अफवाह से लगी लंबी कतारें

इंदौर में सोशल मीडिया पर पेट्रोल खत्म होने की खबरें तेजी से फैलने लगीं. जैसे ही लोगों को इसकी जानकारी मिली, वे बड़ी संख्या में पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए.इस वजह से शहरभर में कई जगहों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं.

कलेक्टर शिवम वर्मा ने लोगों से अपील की कि वे घबराएं नहीं. उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार है और इसकी लगातार निगरानी की जा रही है. साथ ही अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई.

देवास में अफवाह ने बिगाड़ा माहौल

देवास जिले के पीपलरावां थाना क्षेत्र के चौबाराधीरा गांव में पेट्रोल-डीजल की कमी की अफवाह फैलते ही हड़कंप मच गया. ग्रामीण बड़ी संख्या में केन और डिब्बे लेकर पेट्रोल पंप पहुंच गए.
ईंधन पहले लेने की होड़ में धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जो बाद में विवाद में बदल गई और कुछ लोगों के बीच लात-घूंसे तक चल गए.

शहर में भी दिखी भारी भीड़

देवास शहर में भी दिनभर पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखी गई. हालात ऐसे थे कि जो लोग सामान्य तौर पर कम मात्रा में पेट्रोल भरवाते थे, वे भी आशंका के चलते 500 से 1000 रुपये तक का पेट्रोल भरवाने के लिए घंटों लाइन में लगे रहे.

प्रशासन की अपील अफवाहों से रहें दूर

प्रशासन ने पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि जिले में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.
कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने आमजन से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, संयम बनाए रखें और शांति बनाए रखें.

वहीं, पुलिस प्रशासन भी सतर्क नजर आया. देर रात तक पेट्रोल पंपों पर निगरानी रखी गई.
एसपी पुनीत गेहलोद खुद मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाया कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर विश्वास न करें. उन्होंने भरोसा दिलाया कि ईंधन की कोई कमी नहीं है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो