LPG सिलेंडर बुकिंग में बड़ा बदलाव, अब 35 दिन पहले बुकिंग नहीं होगी, लागू हुई नई शर्तें
अब LPG सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव आ गया है. उज्ज्वला योजना के उपभोक्ताओं को अब 45 दिन और सामान्य उपभोक्ताओं को 25-35 दिनों के बाद ही नया सिलेंडर बुक करने की अनुमति मिलेगी. समय से पहले बुकिंग करने पर उसे तुरंत ब्लॉक कर दिया जाएगा.

घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण खबर है. गैस कंपनियों ने LPG सिलेंडर बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव कर दिया है. कालाबाजारी पर अंकुश लगाने और वितरण व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने के लिए अब दो सिलेंडरों की बुकिंग के बीच अनिवार्य गैप बढ़ा दिया गया है.
केंद्र सरकार ने 14.2 किलो वाले घरेलू LPG सिलेंडर की डिलीवरी और अगली रिफिल बुकिंग के बीच की समय सीमा 25 दिनों से बढ़ाकर 35 दिन कर दी है. डिस्ट्रीब्यूटर्स ने मंगलवार को इस नए नियम की जानकारी देते हुए कहा कि यह बदलाव तुरंत लागू हो गया है.
शहरी परिवारों पर सीधा असर
यह नया नियम खास तौर पर उन शहरी परिवारों को प्रभावित करेगा जिनके पास डबल-सिलेंडर कनेक्शन है. अब इन्हें पिछली डिलीवरी के 35 दिन बाद ही अगला 14.2 किलो का सिलेंडर बुक करने की अनुमति मिलेगी.
विभिन्न श्रेणियों के लिए नई समय सीमा
गैस कंपनियों ने उपभोक्ताओं की अलग-अलग श्रेणियों के आधार पर रिफिल बुकिंग का नया गैप तय किया है.
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए
उज्ज्वला योजना के तहत कनेक्शन रखने वाले उपभोक्ताओं को अब अगली रिफिल बुकिंग के लिए 45 दिनों का इंतजार करना होगा.
सामान्य उपभोक्ताओं के लिए
सिंगल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता अब पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे.
डबल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के लिए
दो सिलेंडर वाले कनेक्शन रखने वालों के लिए यह अंतराल 35 दिन तय किया गया है.
छोटे सिलेंडरों के लिए नए नियम
-
14.2 किलो वाले नियमित सिलेंडरों के अलावा छोटे सिलेंडरों के लिए भी बुकिंग गैप तय किया गया है.
-
5 किलो वाला सिलेंडर: 9 से 16 दिनों का गैप.
-
10 किलो वाला सिलेंडर: 18 से 32 दिनों का गैप.
सबसे महत्वपूर्ण शर्त
नए नियम में सबसे जरूरी बात यह है कि अगले सिलेंडर की बुकिंग की गणना पिछली डिलीवरी की तारीख से की जाएगी, न कि पिछली बुकिंग की तारीख से. तय समय सीमा से पहले बुकिंग करने का प्रयास किया तो सिस्टम उसे ऑटोमैटिक ब्लॉक कर देगा.
हेल्पलाइन नंबर
नए नियम को लेकर कोई परेशानी या अधिक जानकारी के लिए उपभोक्ता आधिकारिक टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर संपर्क कर सकते हैं.
ईरान युद्ध के बाद दूसरा बड़ा बदलाव
ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह दूसरा बड़ा बदलाव है. इस महीने की शुरुआत में सरकार ने शहरी इलाकों में घरेलू LPG सिलेंडर रिफिल बुकिंग के लिए इंतजार की अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी थी. अधिकारियों का कहना है कि इन नई समय सीमाओं का मकसद खपत को नियंत्रित करना और LPG वितरण को सुव्यवस्थित करना है.
कमर्शियल एलपीजी का संकट बरकरार
घरेलू गैस के अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडरों की आपूर्ति पर दबाव और भी ज्यादा है. हालांकि सरकार ने शनिवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए कमर्शियल एलपीजी के आवंटन में 20% अतिरिक्त वृद्धि को मंजूरी दी थी, जिससे कुल आवंटन 50% हो गया है. वितरकों का कहना है कि इस फैसले का जमीनी असर दिखने में अभी दो-तीन दिन और लग सकते हैं.
जमीनी हकीकत
कमर्शियल एलपीजी पर लगी पाबंदियों और किल्लत के कारण कई छोटे भोजनालय और ढाबे अपना व्यवसाय चलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. वहीं कुछ घरेलू परिवार गैस की कमी के चलते मजबूरन खाना पकाने के लिए फिर से जलाऊ लकड़ी का सहारा लेने लगे हैं.


