रायपुर जा रही इंडिगो की फ्लाइट नागपुर डायवर्ट, पूर्व सीएम भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम थे सवार

रायपुर में मौसम अचानक खराब हो गया, जिससे विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई. गुरुवार को दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को खराब मौसम और तेज आंधी के कारण रायपुर में उतरने की अनुमति नहीं मिली.

calender

छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मौसम अचानक खराब हो गया, जिससे विमान सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई. गुरुवार को दिल्ली से रायपुर आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट को खराब मौसम और तेज आंधी के कारण रायपुर में उतरने की अनुमति नहीं मिली. पायलटों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल के निर्देश पर फ्लाइट को महाराष्ट्र के नागपुर एयरपोर्ट की तरफ मोड़ दिया. इस फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज सवार थे.

सुरक्षा कारणों से नागपुर में कराई गई लैंडिंग

विमानन अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह विशेष विमान गुरुवार सुबह लगभग 9 बजे दिल्ली से रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी थी. जब विमान छत्तीसगढ़ के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तब रायपुर और आसपास के इलाकों में मौसम अचानक खराब हो गया. तेज हवाओं और घने बादलों के चलते लैंडिंग में बड़ा जोखिम था. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को नागपुर के डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतारा गया.

एक साथ दो विमानों को करना पड़ा डायवर्ट

केवल दिल्ली की ही नहीं, बल्कि हैदराबाद से रायपुर आ रही दूसरी फ्लाइट को भी नागपुर भेजना पड़ा. मौसम विभाग की चेतावनी के बीच, इस दूसरी फ्लाइट को भी हवा में चक्कर काटने के बाद नागपुर के लिए ही डायवर्ट किया गया. इस तरह, एक ही समय पर रायपुर आने वाले दो बड़े विमानों को नागपुर में आपात स्थिति में रुकना पड़ा. इन विमानों में भाजपा विधायक रेणुका ठाकुर सहित कुल 300 से अधिक यात्री सवार थे.

ढाई घंटे के इंतजार के बाद रवानगी

इस डायवर्जन की वजह से विमान में मौजूद राजनेताओं और आम यात्रियों को कुछ समय के लिए भारी असुविधा और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा. नागपुर हवाई अड्डा प्रशासन और इंडिगो एयरलाइंस के अधिकारियों ने स्थिति को संभाला और यात्रियों को लगातार मौसम से जुड़े अपडेट्स दिए। लगभग ढाई घंटे तक नागपुर रनवे पर मौसम साफ होने का इंतजार किया गया. इसके बाद जैसे ही रायपुर एयरपोर्ट एटीसी से हरी झंडी मिली, विमान ने दोबारा उड़ान भरी और अपने निर्धारित गंतव्य पर सुरक्षित लैंड किया, जिससे यात्रियों ने राहत की सांस ली. First Updated : Friday, 12 June 2026