टल गई CM विजय और संगीता के तलाक की सुनवाई, अब 7 अगस्त को होगा फैसला

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके अध्यक्ष सी. जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता के तलाक मामले की सुनवाई होनी थी, जिसे अब 7 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया है.

calender

नई दिल्ली: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और अभिनेता विजय की निजी जिंदगी इन दिनों भारी उथल-पुथल से गुजर रही है. विजय और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम के बीच चल रहे तलाक का मामला अब कानूनी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है. सोमवार को चेंगलपट्टू महिला अदालत में इस मामले की सुनवाई होनी थी. जिसे अब 7 अगस्त तक के लिए टाल दिया गया है.

कोर्ट में पेश नहीं हुआ कपल

यह मामला तब सुर्खियों में आया जब फरवरी में संगीता ने तलाक की अर्जी दाखिल की. अदालत ने इस मामले की सुनवाई के लिए पहले 20 अप्रैल की तारीख तय की थी. लेकिन तब दोनों में से कोई भी पेश नहीं हुआ. इसके बाद चेंगलपट्टू फैमिली कोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए उन्हें 15 जून को अदालत में हाजिर होने का आदेश दिया था. हालांकि, सोमवार को भी दोनों की अनुपस्थिति के चलते सुनवाई को अगस्त तक के लिए आगे बढ़ा दिया गया है.

संगीता ने लगाए गंभीर आरोप

संगीता ने अपनी याचिका में विजय पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2021 में उन्हें पता चला कि विजय का किसी अन्य महिला के साथ अफेयर चल रहा है. संगीता का आरोप है कि विजय ने शुरुआत में रिश्ता खत्म करने का भरोसा दिया था. लेकिन बाद में उन्होंने न केवल उस रिश्ते को जारी रखा, बल्कि उस अभिनेत्री के साथ ट्रिप पर भी गए और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी साथ दिखे.

शर्मिंदगी का सामना करना पड़ा

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे बुरा असर उनके बच्चों, जेसन संजय और दिव्या साशा पर पड़ा. संगीता ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर उस अभिनेत्री द्वारा विजय के साथ साझा की गई तस्वीरों के कारण उनके बच्चों को शर्मिंदगी और मानसिक अपमान का सामना करना पड़ा.

आर्थिक पाबंदियों का दावा

संगीता ने अपनी अर्जी में यह भी आरोप लगाया है कि विजय ने उन्हें मिलने वाली सुख-सुविधाएं बंद कर दी हैं और उन पर सख्त आर्थिक पाबंदियां लगा दी हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई है. जिससे वे भारी मानसिक तनाव में हैं.

कब हुई थी विजय और संगीता की शादी

विजय और संगीता की शादी 1999 में हुई थी. यह जोड़ी 27 साल तक साथ रहने के बाद अब स्पेशल मैरिज एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अलग होने की प्रक्रिया में है. फिलहाल, प्रशंसकों और राजनीतिक गलियारों में इस खबर ने हलचल पैदा कर दी है, क्योंकि विजय का नाम राज्य की राजनीति में मुख्यमंत्री पद के लिए भी लगातार चर्चा में रहता है. First Updated : Monday, 15 June 2026