महिला आरक्षण का ढोंग करने वाली कांग्रेस ने हिमाचल में 71 ब्लॉक अध्यक्ष बनाए, एक भी महिला को नहीं मिली जगह
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने 71 ब्लॉक अध्यक्षों की सूची जारी की, लेकिन उसमें एक भी महिला का नाम नहीं था. महिला आरक्षण बिल का खुलकर समर्थन करने वाली पार्टी पर अब महिलाओं की अनदेखी का आरोप लगने लगा है, जिससे सियासी घमासान तेज हो गया है.

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस संगठन में ब्लॉक स्तर पर नई जिम्मेदारियों का ऐलान कर दिया गया है. पार्टी हाईकमान ने विभिन्न जिलों में ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों की नियुक्ति की है, जिससे संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है. इसी क्रम में नालागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर बाबूराम ठाकुर को नियुक्त किया गया है. अपनी नियुक्ति पर उन्होंने पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और इसे एक बड़ी जिम्मेदारी बताया है.
बाबूराम ठाकुर की नियुक्ति और प्रतिक्रिया
बाबूराम ठाकुर ने कहा कि उनकी यह नियुक्ति मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं मुकेश अग्निहोत्री, प्रतिभा सिंह, विक्रमादित्य सिंह और हरदीप सिंह बावा के मार्गदर्शन में हुई है. उन्होंने सभी वरिष्ठ नेताओं और जिला नेतृत्व का धन्यवाद करते हुए कहा कि पार्टी ने उन्हें इस जिम्मेदारी के योग्य समझा, इसके लिए वह आभारी हैं.
उन्होंने आगे कहा कि वह नालागढ़ ब्लॉक कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करेंगे और हर कार्यकर्ता को साथ लेकर चलेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाएगा और किसी भी महत्वपूर्ण निर्णय से पहले उनकी राय को प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि संगठन में एकता बनी रहे.
बाबूराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले से ही एकजुट है, लेकिन इसे और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए वह पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम करेंगे. उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन में किसी भी प्रकार की गुटबाजी को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा और सभी को साथ लेकर पार्टी को आगे बढ़ाया जाएगा.
जिला वार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों की सूची चंबा जिला
चुराह से भूपेंद्र सिंह ठाकुर, भरमौर से संजू राम, पांगी से सुभाष चौहान, चंबा से ओम प्रकाश, डलहौजी से अमित शर्मा और भटियात से विजय कंवर को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है.
कांगड़ा जिला
नूरपुर से संदेश कुमार डढवाल, इंदौरा से देवेंद्र मनकोटिया, फतेहपुर से कैप्टन जीत कुमार शर्मा, ज्वाली से चेन सिंह गुलेरिया, देहरा से कमलेश कुमार, जस्वा परागपुर से एक्स नायक मुलतान सिंह, ज्वालामुखी से प्रताप राणा, जयसिंहपुर से जसवंत डढवाल, सुलह से बाल कृष्ण चौधरी, नगरोटा बगवां से मान सिंह चौधरी, कांगड़ा से नागेश्वर मनकोटिया, शाहपुर से सुरेश पटाकू चौधरी, धर्मशाला से हरभजन चौधरी, पालमपुर से त्रिलोक चंद और बैजनाथ से शशि राणा को जिम्मेदारी दी गई है.
लाहौल-स्पीति जिला
काजा से दोरजे छेरिंग, केलांग से सुरेंद्र कुमार और उदयपुर से कुशाल ठाकुर को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
कुल्लू जिला
मनाली से वीर सिंह ठाकुर, कुल्लू से गोपाल सिंह, बंजार से मोहर सिंह ठाकुर और आनी से गोविंद शर्मा को नियुक्त किया गया है.
मंडी जिला
करसोग से गोपाल ठाकुर, सुंदरनगर से जसवंत सिंह, नाचन से दीप कुमार, सिराज से जगदीश रेड्डी, द्रंग से देवेंद्र कुमार, जोगिंदरनगर से इंद्र सिंह धीमान, धर्मपुर से प्रकाश चंद, मंडी सदर से हेमराज ठाकुर, बल्ह से पवन ठाकुर और सरकाघाट से धर्मपाल ठाकुर को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
हमीरपुर जिला
भोरंज से विजय कुमार बनियाल, सुजानपुर से राजेंद्र वर्मा, हमीरपुर से सुनील कुमार, बड़सर से संजय शर्मा और नादौन से कैप्टन पृथ्वी चंद को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है.
ऊना जिला
चिंतपूर्णी से डॉ. रविंद्र कुमार शर्मा, गगरेट से सुरेंद्र सिंह कंवर, हरोली से संदीप अग्निहोत्री, ऊना से रजनीश कुमार और कुटलैहड़ से विवेक मिका को जिम्मेदारी दी गई है.
बिलासपुर जिला
झंडूता से विजय कौशल, घुमारवीं से कैप्टन चमेल सिंह, बिलासपुर से मस्तराम वर्मा और श्री नैना देवी से अमरजीत बंगा को नियुक्त किया गया है.
सोलन जिला
अर्की से सतीश कश्यप, नालागढ़ से बाबू राम ठाकुर, दून से कुलतार सिंह ठाकुर, सोलन से मनीष ठाकुर और कसौली से देवेंद्र शर्मा को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है.
सिरमौर जिला
पच्छाद से सुनील शर्मा, नाहन से ज्ञान चंद चौधरी, श्री रेणुका जी से तपेंद्र चौहान, पांवटा साहिब से हरप्रीत सिंह और शिलाई से कल्याण धामटा को जिम्मेदारी सौंपी गई है.
शिमला जिला
चौपाल से दिनेश चौहान, ठियोग से संजय शर्मा, शिमला ग्रामीण से गोपाल शर्मा, जुब्बल-कोटखाई से जितेंद्र मेहता, रामपुर से लाल चंद शर्मा और रोहड़ू से शिव पॉल ठाकुर को ब्लॉक अध्यक्ष बनाया गया है.
किन्नौर जिला
कल्पा से विक्रम नेगी, निचार से अनिल नेगी और पूह से प्रेम सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.


