दिल्ली BMW हादसा: नजदीकी अस्पताल के बजाय 19 KM दूर ले जाया गया... परिवार ने उठाए गंभीर सवाल

दिल्ली BMW हादसे में नवजोत सिंह की मौत के बाद पुलिस ने आरोपी चालक गगनप्रीत को गिरफ्तार कर लिया है. नवजोत और उनकी पत्नी को पास के अस्पताल की बजाय आरोपी से जुड़े दूरस्थ अस्पताल में भर्ती कराने का परिवार ने आरोप लगाया है.

Simran Sachdeva

Delhi BMW Accident: राजधानी दिल्ली में हुए BMW हादसे में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं, जिसमें वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों विभाग के डिप्टी सेक्रेटरी नवजोत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई. उनकी पत्नी संदीप कौर गंभीर रूप से घायल हुईं. हादसा तब हुआ जब दोनों बंगला साहिब गुरुद्वारा से अपने घर लौट रहे थे और पीछे से तेज रफ्तार BMW कार ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी.

पुलिस जांच और परिवार के आरोपों के बाद सामने आया कि नवजोत और उनकी पत्नी को पास के बड़े अस्पताल की बजाय लगभग 19 किलोमीटर दूर एक छोटे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जो कि हादसे की आरोपी महिला गगनप्रीत के जुड़ी हुई थी. इसके बाद पुलिस ने गगनप्रीत को हिरासत में लिया और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है.

हादसे का विवरण

FIR के अनुसार, हादसे के समय तेज रफ्तार नीली BMW ने नवजोत और संदीप की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मारी. टक्कर के कारण दोनों सड़क पर गिर पड़े. नवजोत को सिर, चेहरे और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जबकि संदीप की कई हड्डियां टूट गईं. संदीप ने कहा कि उन्होंने हेलमेट पहना हुआ था और नवजोत ने उस समय पगड़ी बांध रखी थी.

परिवार का आरोप: इलाज में देरी

नवजोत के परिवार ने अस्पताल ले जाने में देरी पर सवाल उठाए हैं. नवजोत की भाभी ने मीडिया से कहा कि परिवार बेहद दुखी और आहत है... कहा जा रहा है कि आरोपी को बचाने के लिए नवजोत को बहुत दूर ले जाया गया जबकि धौला कुआं के आसपास बड़े अस्पताल मौजूद थे. अगर समय पर अस्पताल ले जाया गया होता तो उनकी जान बच सकती थी. उनके माता-पिता, जो 80 साल से ऊपर हैं, अत्यंत दुखी हैं. हमें न्याय चाहिए, जो भी दोषी है – अस्पताल हो या BMW चालक महिला, उसे सजा मिलनी चाहिए.

चश्मदीद गवाह का बयान

हादसे में घायल दंपति को ले जाने वाले वैन चालक गुलफाम ने बताया कि सड़क पर दो लोग पड़े हुए थे, जिन्हें उन्होंने अपनी वैन में बैठाकर मदद पहुंचाई. लेकिन उन्होंने बताया कि वैन में बैठी एक महिला ने उन्हें आजादपुर की तरफ चलने को कहा, जो कि धौला कुआं से लगभग 30 मिनट की दूरी पर था. चालक ने कहा कि वह महिला फोन पर डॉक्टर से बात कर रही थी और कह रही थी कि सब कुछ तैयार कर लो, हम आ रहे हैं. यही महिला BMW चला रही थी.

पुलिस की कार्रवाई और जांच

पुलिस ने बताया कि BMW चालक गगनप्रीत और उसके पति गुरुग्राम के निवासी हैं. हादसे में दोनों को चोटें आईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने BMW और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. क्राइम टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) के विशेषज्ञों ने मौके पर जाकर जांच की. FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और CCTV फुटेज तथा गवाहों के बयान की मदद से मामले की गहन पड़ताल जारी है.

दिल्ली पुलिस ने हादसे की आरोपी BMW चालक महिला गगनप्रीत को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी Nulife हॉस्पिटल, GTB नगर से हुई, जहां गगनप्रीत और उसका पति दोनों इलाज के लिए भर्ती थे. नवजोत और संदीप भी इसी अस्पताल में भर्ती थे, जहां नवजोत ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag