दिल्ली में समय से पहले गर्मी के तेवर! पारा 27 डिग्री तक पहुंचा … यूपी-बिहार में घना कोहरा, पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट
दिल्ली- NCR में फरवरी अभी आया भी नहीं पूरा और गर्मी ने झटका दे दिया. दूसरे सप्ताह से ही धूप तेज हो गई है, पारा 27°C तक पहुंच रहा है. मौसम बिल्कुल शुष्क के साथ-साथ गर्माहट भरा हो गया है.

दिल्ली-एनसीआर में फरवरी का दूसरा सप्ताह चलते ही मौसम ने करवट ले ली है. जहां कुछ दिन पहले तक कड़ाके की सर्दी लोगों को घरों में कैद रख रही थी, वहीं अब दोपहर की तेज धूप और बढ़ता तापमान गर्मी के आगमन का साफ संकेत दे रहा है. लोग अब भारी स्वेटर और जैकेट छोड़कर हल्के कपड़ों में सड़कों पर नजर आने लगे हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि इस साल सर्दी जल्दी विदा ले रही है और गर्मी समय से पहले दस्तक दे चुकी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दिल्ली में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और अगले कुछ दिनों में यह सामान्य से काफी ऊपर रहने वाला है. हवाओं की रफ्तार में कमी और साफ आसमान ने धूप के प्रभाव को और तीखा कर दिया है, जिससे दोपहर के समय गर्मी का एहसास पहले से ज्यादा हो रहा है.
दिल्ली में तापमान 27 डिग्री के पार, 30 की ओर बढ़त
IMD के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, 15 फरवरी तक दिल्ली का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पारा लगातार बढ़ रहा है और जल्द ही 30 डिग्री के आंकड़े को छूने की संभावना है, जो इस मौसम में सामान्य से काफी अधिक है. न्यूनतम तापमान भी अब 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. रात में अभी हल्की ठंडक बनी हुई है, लेकिन अब कड़ाके वाली सर्दी का दौर लगभग खत्म हो चुका है.
हवा कम और धूप का असर बढ़ा
पिछले 24 घंटों में हवा की रफ्तार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है. जहां पहले हवाएं 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चल रही थीं, वहीं अब यह गति घटकर मात्र 17 किलोमीटर प्रति घंटा रह गई है. साफ आसमान और कम हवाओं के कारण दोपहर की धूप सीधे जमीन पर पड़ रही है, जिससे गर्मी का अहसास और भी तीव्र हो गया है.
उत्तर प्रदेश में मौसम का हाल
उत्तर प्रदेश के मौसम में अभी भी विरोधाभास देखने को मिल रहा है. दिल्ली से सटे इलाकों में गर्मी बढ़ रही है, जबकि गोरखपुर, बरेली, पीलीभीत समेत 24 जिलों में मौसम विभाग ने घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है. पछुआ हवाओं के प्रभाव से कोहरे की तीव्रता कम हो रही है और आने वाले दिनों में दृश्यता बेहतर होने की उम्मीद है.
राजस्थान में ठंड का पलायन, तापमान में उछाल
राजस्थान में भी कड़ाके की सर्दी अब पीछे छूट रही है. खासकर पश्चिमी राजस्थान में सूरज के तेवर तीखे पड़ गए हैं और अधिकतम तापमान में 1 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी देखी गई है. अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा.
बिहार-झारखंड में कोहरा और कनकनी का मिश्रण
बिहार के उत्तरी जिलों जैसे सुपौल और मुजफ्फरपुर में अभी भी घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है. वहीं झारखंड में रांची और हजारीबाग जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान 7-9 डिग्री के बीच है, जिससे सुबह-शाम कनकनी बनी हुई है. हालांकि दक्षिणी जिलों में तापमान बढ़ना शुरू हो गया है.
हिमाचल-उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
स्काईमेट वेदर के अनुसार, 9 और 16 फरवरी को दो पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों पर सक्रिय हो रहे हैं. इसके प्रभाव से हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे लाहौल-स्पीति, चंबा, उत्तरकाशी और चमोली में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है. मैदानी इलाकों में हालांकि कड़ाके की सर्दी वापस लौटने की उम्मीद नहीं है और मौसम शुष्क ही रहेगा.


