दिल्ली में ईद-उल-फितर पर हाईटेक सुरक्षा: 15 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी
इस बार दिल्ली में ईद-उल-फितर की नमाज हाईटेक स्टाइल और शानदार सुरक्षा के बीच अदा होगी. दिल्ली पुलिस ने 15,000 से ज्यादा जांबाजों को तैनात किया गया है. ड्रोन उड़ान भरेंगे, सीसीटीवी और एआई तकनीक से हर गली-नुक्कड़ पर पैनी नजर रखी जाएगी.

राजधानी दिल्ली में ईद-उल-फितर के अवसर पर इस बार हाईटेक तकनीक और अत्यंत कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नमाज अदा की जाएगी. हाल के उत्तम नगर हत्याकांड सहित अन्य घटनाओं के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगभग 15 हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की है. प्रमुख मस्जिदों, ईदगाहों और संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों, सीसीटीवी तथा एआई आधारित निगरानी प्रणाली के माध्यम से निरंतर नजर रखी जा रही है.
एआई तकनीक की सहायता से भीड़-भाड़ वाली जगहों पर संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल पहचान संभव हो सकेगी, जिससे किसी भी अप्रिय स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. दिल्ली पुलिस का उद्देश्य त्योहार को पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाना है, ताकि लोग बिना किसी चिंता के ईद मना सकें.
बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू
एडिशनल सीपी राजीव रंजन के मुताबिक, ईद को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है. सभी जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों ने मस्जिद कमेटियों, इमामों और आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर विस्तृत रणनीति तैयार की है.
पुरानी दिल्ली में विशेष सतर्कता
पुरानी दिल्ली के इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. हाल ही में बीते वर्ष तुर्कमान गेट स्थित दरगाह फैज-ए-इलाही में अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए उपद्रव को देखते हुए विशेष सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. वहीं, जामा मस्जिद और फतेहपुरी मस्जिद के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. नमाज के समय कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेंगे.
सोशल मीडिया पर अफवाहों पर सख्ती
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील है कि वे सोशल मीडिया पर अफवाहें, बिना वेरिफाई किया हुआ कंटेंट या गुमराह करने वाली जानकारी साझा न करें. दिल्ली पुलिस सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने की किसी भी कोशिश के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पॉलिसी लागू करेगी. जहां भी ऐसे मामले मिलेंगे, नियम तोड़ने वालों और गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल
सीआइएसएफ और सीआरपीएफ के जवान भी रहेंगे तैनात. दिल्ली के सीमापुरी, नंद नगरी, जाफराबाद, सीलमपुर, मुस्तफाबाद, शाहीन बाग, जामिया नगर, ओखला और कश्मीरी गेट जैसे संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है. इन क्षेत्रों में अफवाह फैलाने वालों और असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.वरिष्ठ अधिकारियों का जायजा
वरिष्ठ अधिकारियों का जायजा
वहीं, स्पेशल लॉ एंड ऑर्डर जोन-वन के रविंद्र यादव और जोन-टू के मधुप तिवारी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विभिन्न इलाकों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया. भीड़भाड़ वाले बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं, जबकि स्पेशल ब्रांच की टीमें खुफिया निगरानी में जुटी हैं.


