दिल्ली में ISBT के पास लॉरेंस बिश्नोई के वकील की कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग...इलाके में फैली सनसनी, जांच जारी
कश्मीरी गेट के पास मंगलवार शाम बदमाशों ने लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम के वकील संदीप की कार पर फायरिंग की. दो गोलियां लगने से घायल वकील को फिलहाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के व्यस्त कश्मीरी गेट इलाके में मंगलवार शाम गोलियों की गड़बड़ाहट से सनसनी फैल गई. लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम से जुड़े अधिवक्ता संदीप पर बेखौफ बदमाशों ने तब हमला किया जब वे हनुमान मंदिर से लौट रहे थे. इस दुस्साहसिक वारदात ने दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल घायल वकील अस्पताल में भर्ती हैं और हमलावर फरार हैं. पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए संदिग्धों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.
वारदात का खौफनाक घटनाक्रम
आपको बता दें कि घटना मंगलवार शाम करीब 6:19 बजे की है. अधिवक्ता संदीप और दीपक कश्मीरी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में दर्शन करने आए थे. जैसे ही वे दर्शन के बाद अपनी कार में बैठे और ड्राइवर ने गाड़ी आगे बढ़ाई. तभी घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उनकी कार को निशाना बनाया. हमलावरों ने अचानक चार राउंड फायरिंग की. जिससे इलाके में भगदड़ मच गई. अचानक हुए इस हमले से वकील संभल भी नहीं पाए और गोलियां सीधे संदीप के शरीर में जा लगीं.
ड्राइवर की सूझबूझ से बची जान
गोलीबारी शुरू होते ही कार के ड्राइवर ने गजब की हिम्मत और फुर्ती दिखाई. जैसे ही शीशों पर गोलियां लगीं. उसने कार की रफ्तार तेज कर दी और बिना रुके सिविल लाइंस स्थित मेडेन होटल के सामने ले जाकर गाड़ी रोकी. ड्राइवर की इसी बुद्धिमत्ता की वजह से हमलावर दोबारा निशाना नहीं साध सके और एक बड़ी अनहोनी टल गई. होटल के पास सुरक्षित पहुँचने के बाद ही पुलिस को इस घटना की सूचना दी गई. तब तक हमलावर मौके से भाग चुके थे.
घायल वकील की मौजूदा स्थिति
इस घातक हमले में अधिवक्ता संदीप को दो गोलियां लगी हैं. उन्हें तुरंत नजदीकी अरुणा आसफ अली अस्पताल ले जाया गया. जहाँ उनका उपचार चल रहा है और डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है. संदीप लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम का हिस्सा हैं. इसलिए इस हमले को किसी पुरानी रंजिश या आपसी गैंगवार से जोड़कर भी देखा जा रहा है. उनके साथ कार में मौजूद दूसरे वकील दीपक इस जानलेवा हमले में बाल-बाल बच गए हैं.
पुलिस की जांच जारी
वारदात की खबर मिलते ही उत्तरी जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी सुरक्षा बल के साथ मौके पर पहुँच गए. पुलिस ने सिविल लाइंस और कश्मीरी गेट के आसपास के पूरे इलाके की कड़ी घेराबंदी कर दी है. फॉरेंसिक टीम ने कार और घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत जुटाए हैं. पुलिस का कहना है कि वे हर पहलू से मामले की जांच कर रहे हैं. यह हमला किसने कराया और इसके पीछे किसका हाथ था. इसकी गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस की कई टीमें बनाई गई हैं.
CCTV फुटेज से हमलावरों की तलाश
जांच अधिकारी अब हनुमान मंदिर से लेकर मेडेन होटल के बीच के पूरे रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं. पुलिस को पूरी उम्मीद है कि हमलावरों के चेहरे या उनकी मोटरसाइकिल का नंबर किसी कैमरे में जरूर कैद हो गया होगा. भीड़भाड़ वाले कश्मीरी गेट और आईएसबीटी जैसे इलाके में इस तरह सरेआम फायरिंग करना पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती बन गया है. इस घटना के बाद दिल्ली की सड़कों पर सुरक्षा और बढ़ा दी गई है.


