दिल्ली के पालम में लगी भीषण आग, मौके पर 6 की मौत, बचाव कार्य जारी
दिल्ली के पालम इलाके में बुधवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना हुई. एक मकान में अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसमें कम से कम छह लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. कई अन्य लोग बुरी तरह झुलस गए हैं. फायर ब्रिगेड की टीमें अभी भी राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.

दिल्ली के साउथ वेस्ट इलाके में पालम के साध नगर में बुधवार सुबह एक इमारत में लगी भीषण आग ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया. इस दर्दनाक हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए. आग की लपटों में एक ही परिवार के कई सदस्य फंस गए थे, जिसके बाद बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 7 बजे सूचना मिली कि साध नगर इलाके में एक मकान में आग लग गई है. मौके पर 30 दमकल गाड़ियां पहुंचीं और पुलिस तथा अन्य आपातकालीन टीमें भी तुरंत सक्रिय हो गईं. स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और चीख-पुकार मच गई. आग बुझाने और लोगों को बचाने के लिए घंटों तक कड़ी मशक्कत की गई.
आग लगने की सूचना और शुरुआती रेस्क्यू
दिल्ली डीएफएस सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि पालम स्थित एक इमारत में एक घर में आग लगने की सूचना सुबह 7 बजे मिली थी. उन्होंने कहा, एक आवासीय इकाई में आग लगने की सूचना मिली थी और हमें आशंका थी कि कुछ लोग अंदर फंसे हो सकते हैं.'पुलिस और अन्य आपातकाल सेवाएं भी घनी आबादी वाले इलाके में बचाव कार्य में सहायता के लिए पहुंची थीं. शुरुआत में करीब 9 लोगों के फंसने की आशंका जताई गई, जिन्हें निकालने के लिए तत्काल प्रयास शुरू किए गए.
#UDPATE दिल्ली पुलिस के अनुसार आग लगने की घटना में 6 लोगों की मौत हो गई है। https://t.co/CkYzQaP382
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 18, 2026
मौतें और घायलों की स्थिति
इस हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग झुलसकर घायल हो गए. रेस्क्यू टीम ने कुल 10 लोगों को बाहर निकाला, लेकिन छह की मौत हो चुकी है. घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
आग लगने का मुख्य कारण
आग लगने के सटीक कारण का फिलहाल पता नहीं चल पाया है. अधिकारी जांच में जुटे हैं कि क्या शॉर्ट सर्किट, गैस लीक या कोई अन्य वजह इसके पीछे थी. इलाके में घनी आबादी होने के कारण आग तेजी से फैल गई और बचाव कार्य को चुनौतीपूर्ण बना दिया.एक बात साफ है कि यह हादसा दिल्ली में आग से जुड़ी सुरक्षा की कमी को फिर से उजागर करता है. प्रशासन ने राहत कार्य जारी रखा है और प्रभावित परिवारों को मदद का आश्वासन दिया है.


