मालवीय नगर होटल अग्निकांड पर PM मोदी ने जताया गहरा दुख, मृतकों के परिवारों को 2-2 लाख का मुआवजा घोषित
दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भीषण अग्निकांड ने पूरी राजधानी को झकझोर कर रख दिया है. इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. वहीं, प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये के मुआवजे की घोषणा की गई है.

नई दिल्ली: मालवीय नगर में बुधवार सुबह हुए भीषण अग्निकांड ने पूरी राजधानी को झकझोर कर रख दिया है. एक रेस्टोरेंट में लगी आग ने देखते ही देखते भयावह रूप ले लिया और कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. इस दर्दनाक हादसे में अब तक 21 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं, जिनका इलाज अस्पतालों में किया जा रहा हैं. वहीं, राहत और बचाव टीमों ने समय रहते 30 से अधिक लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
मालवीय नगर में हुए इस दुखद हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरी संवेदना व्यक्त की है. प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि आग की इस घटना में लोगों की मौत बेहद पीड़ादायक है और यह पूरे देश के लिए दुख की बात है. प्रधानमंत्री ने उन परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की, जिन्होंने इस हादसे में अपने प्रियजनों को खो दिया. साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की. पीएमओ ने बताया कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां प्रभावित लोगों की हर संभव सहायता करने में जुटी हुई हैं.
The loss of lives due to a fire incident in Malviya Nagar, Delhi is tragic. My condolences to those who have lost their loved ones. Wishing a speedy recovery to the injured. Authorities are providing all possible assistance to those affected.
An ex-gratia of Rs. 2 lakh from…— PMO India (@PMOIndia) June 3, 2026
मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा
प्रधानमंत्री कार्यालय ने इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के लिए आर्थिक सहायता का भी ऐलान किया है. प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) के तहत प्रत्येक मृतक के परिवार को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. इसके अलावा हादसे में घायल हुए लोगों को 50 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी. सरकार का कहना है कि प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी ताकि इस कठिन समय में उन्हें सहारा मिल सके.
हादसे की जांच जारी
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. विशेषज्ञों और संबंधित विभागों की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं. शुरुआती स्तर पर तकनीकी खराबी समेत कई संभावित कारणों पर विचार किया जा रहा है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच पूरी होने के बाद आग लगने की वास्तविक वजह सामने आएगी. साथ ही यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.


