दिल्ली में 27 मार्च तक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी, इन मार्गों पर रहेगी पाबंदी
चैत्र नवरात्र के चलते दिल्ली के झंडेवालान मंदिर में भारी भीड़ की आशंका के कारण ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है. 23–27 मार्च के बीच कई प्रमुख मार्गों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे. इसलिए लोगों को वैकल्पिक रास्ते अपनाने की सलाह दी गई है.

चैत्र नवरात्र के अवसर पर देशभर में धार्मिक आस्था और उत्साह का माहौल बना हुआ है. सोमवार को इस पावन पर्व का पांचवां दिन है, जिसके चलते राजधानी दिल्ली में मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है. खासकर झंडेवालान माता मंदिर में बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है, जिसे देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
भीड़ को नियंत्रित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष एडवाइजरी जारी की है. इस एडवाइजरी का उद्देश्य लोगों को जाम और असुविधा से बचाना है, ताकि श्रद्धालु बिना परेशानी के मंदिर पहुंच सकें.
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक 23 मार्च से 27 मार्च तक मध्य दिल्ली के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहेगा. विशेष रूप से दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक देशबंधु गुप्ता (डीबीजी) रोड पर कालका दास चौक से झंडेवालान गोलचक्कर के बीच भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है. इसके साथ ही इस रूट पर बसों और अन्य वाणिज्यिक वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी.
एडवाइजरी में क्या बताया गया?
एडवाइजरी में यह भी बताया गया है कि रानी झांसी रोड और डीबीजी रोड के आसपास ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है, खासकर दफ्तरों के समय. ऐसे में इन इलाकों में जाम की स्थिति बनने की आशंका है. लोगों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी योजना तैयार करें और भीड़भाड़ वाले मार्गों से बचने की कोशिश करें.
वैकल्पिक मार्गों के रूप में ट्रैफिक पुलिस ने कुछ रास्ते सुझाए हैं. अजमेरी गेट या रानी झांसी रोड से आने वाले वाहन कालका दास चौक पहुंचने के लिए आर/ए बग्गा रोड, फैज रोड और पंचकुइयां रोड का उपयोग कर सकते हैं. इसी तरह कालका दास चौक से आगे जाने वाले वाहन भी इन मार्गों का सहारा ले सकते हैं.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे डीबीजी रोड और रानी झांसी रोड पर जाने से बचें और न्यू रोहतक रोड, फैज रोड व पंचकुइयां रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों को अपनाएं. साथ ही यात्रा से पहले योजना बनाकर निकलें, ताकि अनावश्यक जाम से बचा जा सके और शहर में यातायात व्यवस्था बनी रहे.


