नई दिल्ली: दिल्ली एयरपोर्ट पर इबोला वायरस को लेकर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और DGHS ने एहतियाती कदम उठाते हुए एडवाइजरी जारी की है. सरकार ने कहा है कि इबोला प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की खास निगरानी की जाएगी.
सरकार ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DR Congo), युगांडा और दक्षिण सूडान को हाई रिस्क देशों में रखा है. इन देशों से आने वाले या वहां से होकर गुजरने वाले यात्रियों में अगर इबोला के लक्षण दिखें तो तुरंत कार्रवाई की जाएगी. अभी भारत में इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन सरकार एहतियात बरत रही है.
अगर इनमें से कोई भी लक्षण दिखे तो यात्रियों को एयरपोर्ट पर हेल्थ डेस्क या स्वास्थ्य अधिकारी को तुरंत सूचित करना चाहिए. साथ ही अपनी ट्रेवल हिस्ट्री बतानी जरूरी है.
दिल्ली एयरपोर्ट समेत देश के सभी प्रमुख एयरपोर्ट्स और प्रवेश बिंदुओं पर स्वास्थ्य जांच और निगरानी सख्त कर दी गई है. यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग बढ़ा दी गई है. सरकार ने कहा है कि यह कदम संक्रमण को भारत में आने से रोकने के लिए उठाया गया है.
इबोला एक बेहद खतरनाक और संक्रामक वायरस है. यह इंसान और बंदर जैसी प्रजातियों को प्रभावित करता है. वायरस जंगली जानवरों खासकर चमगादड़ से इंसानों में फैलता है. फिर यह संक्रमित व्यक्ति के खून, बॉडी फ्लूइड्स, दूषित कपड़ों या बिस्तर से एक से दूसरे में फैलता है. इसकी मृत्यु दर काफी ऊंची होती है और लक्षण शुरुआत में सामान्य बुखार जैसे दिखते हैं, इसलिए इसे अनदेखा करना खतरनाक हो सकता है.
सरकार ने यात्रियों से अपील की है कि वे अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य नियमों (IHR) का पालन करें और सहयोग करें. स्वास्थ्य अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं. First Updated : Thursday, 21 May 2026