'फ्री कश्मीर' पोस्टर से आतंकी साजिश तक, 8 संदिग्ध गिरफ्तार... ISI लिंक की जांच

दिल्ली पुलिस ने खुफिया इनपुट के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि ये 'फ्री कश्मीर' पोस्टर लगाकर आतंकी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे और इनके तार पाकिस्तान व बांग्लादेश स्थित संगठनों से जुड़े हो सकते हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने एक बड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल से 8 संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. खुफिया इनपुट के आधार पर की गई इस कार्रवाई में 6 आरोपी तमिलनाडु और 2 पश्चिम बंगाल से पकड़े गए हैं. शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये सभी ISI और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों के इशारे पर संभावित हमले की साजिश रच रहे थे.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, इन संदिग्धों ने कुछ दिन पहले दिल्ली और कोलकाता में कई स्थानों पर 'फ्री कश्मीर' और 'कश्मीर में जेनोसाइड बंद करो' जैसे पोस्टर लगाए थे. इसी गतिविधि के बाद से दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अलर्ट मोड पर थी और लगातार निगरानी कर रही थी.

कई शहरों में लगाए गए भड़काऊ पोस्टर

सूत्रों के अनुसार, करीब 10 दिन पहले दिल्ली और कोलकाता के 10 से अधिक स्थानों, जिनमें कई मेट्रो स्टेशन भी शामिल हैं, पर ये पोस्टर लगाए गए थे. पोस्टर लगाने के बाद सभी संदिग्ध अपने-अपने राज्यों में लौट गए थे.

सबसे पहले पश्चिम बंगाल के मालदा से 2 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया. पूछताछ और मोबाइल फोन की जांच के बाद तमिलनाडु से 6 अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया.

आतंकी संगठनों से फंडिंग और संपर्क

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार किए गए संदिग्धों को आतंकी संगठनों की ओर से फंडिंग मिल रही थी और आगे भी आर्थिक मदद मिलने की संभावना थी. इनमें से कुछ आरोपी बांग्लादेश जाकर आतंकी संगठनों के संपर्क में आए थे, जबकि कुछ सीधे या सोशल मीडिया के जरिए जुड़ाव बनाए हुए थे.

पाकिस्तान बेस्ड हैंडलर से जुड़ाव

जांच में यह भी सामने आया है कि अधिकांश आरोपी बांग्लादेशी मूल के हैं और वे बांग्लादेश में सक्रिय एक हैंडलर के संपर्क में थे. बताया जा रहा है कि यह हैंडलर कश्मीर का रहने वाला है, लेकिन वर्तमान में पाकिस्तान में सक्रिय है.

आरोपियों के मोबाइल फोन से कई संवेदनशील स्थानों की रेकी की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं. दिल्ली पुलिस इस पूरे मामले की हर एंगल से गहन जांच कर रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag