LPG गैस की किल्लत की अफवाहों पर सरकार सख्त, पीएम मोदी बोले-'घबराने की जरूरत नहीं'

एलपीजी सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से घबराने से बचने की अपील की है.सरकार ने हालात पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाए हैं और राज्यों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: देश में एलपीजी सप्लाई को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से घबराने से बचने की अपील की है.उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार मौजूदा स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और नागरिकों के हितों की रक्षा की जाएगी.

पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने की खबरों के बीच केंद्र सरकार सतर्क हो गई है.इसी को देखते हुए गृह मंत्रालय ने हालात पर नजर रखने और जमाखोरी पर कार्रवाई के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए हैं.

एलपीजी सप्लाई पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम

गृह मंत्रालय ने एलपीजी आपूर्ति की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के लिए कंट्रोल रूम बनाए हैं.इनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गैस की सप्लाई सामान्य बनी रहे और किसी तरह की जमाखोरी या अफवाहों से हालात खराब न हों.

मंत्रालय का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पहले की तरह जारी है और लोगों को पैनिक में खरीदारी करने की जरूरत नहीं है.

राज्यों और जिलों में प्रशासन अलर्ट

एलपीजी को लेकर फैल रही अफवाहों के चलते उत्तर प्रदेश, हरियाणा समेत कई राज्यों में प्रशासन सतर्क हो गया है.जिला स्तर पर अधिकारियों द्वारा लोगों को अफवाहों से बचने और अनावश्यक खरीदारी से दूर रहने की सलाह दी जा रही है.

प्रशासन का कहना है कि गैस की कोई कमी नहीं है और अगर कोई व्यक्ति जमाखोरी करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

एस्मा लागू, घरेलू गैस सप्लाई को प्राथमिकता

सरकार ने पहले ही आवश्यक सेवाएं बनाए रखने के लिए एस्मा लागू कर दिया है.इसके तहत घरेलू गैस सप्लाई को प्राथमिकता दी गई है.

साथ ही यह निर्णय लिया गया है कि पिछले छह महीनों के औसत के अनुसार गैस आपूर्ति को बनाए रखा जाएगा ताकि किसी भी तरह की कमी की स्थिति न बने.

अफवाहों से बचने की पीएम मोदी की अपील

तमिलनाडु में एनडीए की बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अफवाहों से दूर रहने और केवल सत्यापित जानकारी ही साझा करने की अपील की.

उन्होंने कहा, 'मैं तमिलनाडु के लोगों से अपील करूंगा कि अफवाहों से बचें.सप्लाई चेन प्रभावित हुई है.हमें उम्मीद है कि हम संकट से उबरेंगे, जैसा कोरोना के दौर में हुआ था.हमारी विचारधारा इंडिया फर्स्ट की है.किसी भी तरह के पैनिक में रहने की जरूरत नहीं है.सभी के हितों की रक्षा करने के लिए सरकार प्रयास कर रही है।'

कोरोना महामारी की तरह संकट से उबरने का भरोसा

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने कोरोना महामारी के दौरान अपनी मजबूती और एकजुटता दिखाई थी.उन्होंने कहा कि उस समय 140 करोड़ भारतीयों ने परिपक्वता का परिचय दिया था और उन्हें विश्वास है कि देश इस संकट से भी उसी तरह बाहर निकल जाएगा.

उन्होंने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रख रही है और लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है.

फैक्ट चेक और निगरानी के लिए मंत्रालय सक्रिय

गृह मंत्रालय ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ समन्वय स्थापित किया है.तीनों मंत्रालय मिलकर अफवाहों की जांच और सही जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं.इस बीच केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों तथा पुलिस प्रमुखों के साथ बैठक भी की है.

इस बैठक का उद्देश्य कानून व्यवस्था बनाए रखना और अफवाहों से पैदा होने वाली संभावित स्थितियों से निपटने की तैयारी करना है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो