ईरान का अमेरिका पर बड़ा प्लान! जहाज से ड्रोन अटैक की साजिश, FBI अलर्ट ने किया खुलासा, कैलिफोर्निया में हाई सिक्योरिटी
FBI ने बड़ा अलर्ट जारी कर दिया है. खुफिया जानकारी के अनुसार, ईरान अमेरिकी धरती पर हमले की साजिश रच रहा है. खासकर कैलिफोर्निया के तट पर खतरा मंडरा रहा है, जहां ईरान जहाजों से लॉन्च किए गए ड्रोन हमलों की योजना बना रहा है. सुरक्षा एजेंसियां अब अलर्ट मोड पर हैं.

अमेरिका में अब ईरान के संभावित हमलों का खतरा मंडरा रहा है. फेडरल जांच ब्यूरो ने कैलिफोर्निया के पुलिस विभागों को अलर्ट जारी कर चेतावनी दी है कि ईरान अमेरिका के पश्चिमी तट पर ड्रोन से हमला कर सकता है. ABC न्यूज ने इस FBI अलर्ट का हवाला देते हुए रिपोर्ट किया है कि यह बदला अमेरिका और इजरायल के हमलों के जवाब में हो सकता है.
यह चेतावनी ऐसे वक्त में आई है जब अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध ने मध्य पूर्व को अस्थिर कर दिया है. ईरान ने जवाबी कार्रवाई में इजरायल के शहरों और क्षेत्रीय अमेरिकी ठिकानों पर ड्रोन-मिसाइल हमले किए हैं. FBI के अलर्ट में खुफिया सूत्रों के आधार पर दावा किया गया है कि ईरान ने अमेरिकी तट के निकट एक जहाज से ड्रोन लॉन्च कर अचानक हमला करने की योजना पर विचार किया था.
अमेरिकी तट पर ड्रोन हमले की संभावित योजना
FBI की चेतावनी में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि हमें हाल ही में जानकारी मिली है कि 'फरवरी 2026 की शुरुआत में ईरान कथित तौर पर अमेरिका के तट के पास एक अनजान जहाज से बिना पायलट वाले एरियल व्हीकल (ड्रोन) का इस्तेमाल करके अचानक हमला करने कोशिश कर रहा था.' अलर्ट में उल्लेख है कि कैलिफोर्निया में अनिर्दिष्ट लक्ष्य इसके निशाने पर थे.
जांच में अभी भी कई खामियां
अलर्ट में यह भी स्वीकार किया गया है कि अभी इस बारे में ऑपरेशनल डिटेल्स की कमी है. एफबीआई ने बताया कि उसके पास हमले के समय, तरीके और टारगेट के साथ ही अपराधियों के बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है. चेतावनी में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि किन शहरों या विशिष्ट जगहों को टारगेट किया जा सकता है.
ट्रंप ने खारिज की चिंताएं
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अलर्ट में जताई गई चिंताओं को खारिज कर दिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अमेरिका के अंदर ईरान की बदले की कार्रवाई का डर है, तो ट्रंप ने जवाब दिया, नहीं , मुझे नहीं है. इस बीच अलर्ट मिलने के बाद कैलिफोर्निया ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर निगरानी बढ़ा दी है.


