Breaking News: पुलवामा आतंकी हमले में शामिल मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक हमजा बुरहान के धराशाई होने की खबर सामने आई है. जानकारी के अनुसार, पीओके में अज्ञात लोगों द्वारा आतंकवादी को मार गिराया है. सूत्रों के अनुसार, यह घटना मुजफ्फराबाद में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने उसके ऑफिस में घुसकर बेहद करीब से उस पर कई गोलियां दाग दीं. बताया जा रहा है कि सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.
हमजा बुरहान लंबे समय से भारत विरोधी आतंकी गतिविधियों में शामिल था। वह खुद को एक शिक्षक और स्कूल प्रिंसिपल बताकर अपनी पहचान छिपाए हुए था. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, स्कूल से जुड़ा होना उसके लिए एक कवर की तरह काम करता था, जबकि पर्दे के पीछे वह आतंकियों की भर्ती, ट्रेनिंग और घुसपैठ कराने में सक्रिय भूमिका निभा रहा था.
27 वर्षीय हमजा जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले के रत्नीपोरा का रहने वाला था. साल 2017 में वह पाकिस्तान चला गया और वहां प्रतिबंधित आतंकी संगठन ‘अल बद्र’ में शामिल हो गया। बाद में वह संगठन के प्रमुख कमांडरों में गिना जाने लगा. जांच एजेंसियों के अनुसार, वह युवाओं को कट्टरपंथ की ओर धकेलने और आतंकी संगठनों में भर्ती कराने का काम भी करता था.
सूत्रों का दावा है कि हमजा को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI का समर्थन प्राप्त था. मुजफ्फराबाद में उसे ऑफिस और सुरक्षा दोनों मुहैया कराई गई थी. उसके आसपास हमेशा हथियारबंद गार्ड तैनात रहते थे. इसके बावजूद हमलावरों ने उसके दफ्तर में घुसकर वारदात को अंजाम दिया.
14 फरवरी 2019 को पुलवामा में CRPF के काफिले पर हुए आत्मघाती हमले में 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था. हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली थी. इसके जवाब में भारत ने 26 फरवरी 2019 को बालाकोट एयर स्ट्राइक कर आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था. अब हमजा बुरहान की मौत की खबर को पुलवामा हमले से जुड़े आतंकियों के नेटवर्क के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. First Updated : Thursday, 21 May 2026