Heatwave Alert: 45°C पार तापमान से झुलसेगा उत्तर भारत, दिल्ली में 22 अप्रैल से लू का येलो अलर्ट
उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर जारी है और कई राज्यों में तापमान 45°C के पार पहुंच गया है. मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई क्षेत्रों में लू का अलर्ट जारी किया है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं.

दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में इस समय गर्मी अपने चरम पर है. दोपहर के वक्त बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, क्योंकि तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं. कई जगहों पर तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच चुका है, जिससे हालात और गंभीर हो गए हैं. घरों के अंदर एसी और कूलर थोड़ी राहत जरूर दे रहे हैं, लेकिन बाहर चल रही लू से बचना बेहद जरूरी हो गया है. मौसम विभाग ने भी आने वाले दिनों को लेकर चेतावनी जारी कर दी है, जिससे साफ है कि अभी गर्मी का कहर जारी रहेगा.
राजधानी दिल्ली में आज अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास रहेगा. आसमान साफ रहेगा और धूप तेज होगी. 21 अप्रैल को भी मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. लेकिन 22 अप्रैल से स्थिति और खराब हो सकती है. मौसम विभाग ने इस दिन से येलो अलर्ट जारी किया है, जो 24 अप्रैल तक लागू रहेगा. इस दौरान लू चलने की पूरी संभावना है और तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है. रात के तापमान में भी इजाफा होगा, जो 24 डिग्री तक पहुंच सकता है. हालांकि 25 अप्रैल के बाद हल्की राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है.
इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक लू का असर देखने को मिलेगा. अलग-अलग तारीखों में कई राज्यों के लिए चेतावनी जारी की गई है:
19-20 अप्रैल: पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में लू चलने की संभावना है.
19-23 अप्रैल: पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज गर्मी का असर रहेगा.
20-21 अप्रैल: झारखंड के कुछ हिस्सों में भी गर्म हवाएं परेशान करेंगी.
20-22 अप्रैल: पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.
20-23 अप्रैल: पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा.
21-23 अप्रैल: पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में तापमान तेजी से बढ़ेगा और लू का असर दिखेगा.
वहीं, दक्षिण और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी. 19-20 अप्रैल के दौरान केरल और माहे के कुछ इलाकों में गर्म और चिपचिपा मौसम रहेगा. 19 से 23 अप्रैल तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में उमस भरी गर्मी बढ़ेगी. 20 से 25 अप्रैल के बीच गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में भी गर्मी और नमी का असर रहेगा.
कुछ इलाकों में रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहेगा, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिलेगी. 21 से 23 अप्रैल के दौरान हरियाणा और चंडीगढ़, 19 से 21 अप्रैल के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश और ओडिशा में, और 19 अप्रैल को छत्तीसगढ़ में गर्म रात की चेतावनी जारी की गई है.
तापमान में लगातार बढ़ोतरी
मौसम विभाग का कहना है कि 18 से 24 अप्रैल के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अधिकतम तापमान धीरे-धीरे 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है. यानी आने वाले दिनों में गर्मी और ज्यादा परेशान कर सकती है.
इन इलाकों में बारिश की संभावना
जहां एक तरफ उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप है, वहीं पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश राहत दे सकती है. 19 से 21 अप्रैल के बीच असम और मेघालय में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है. 19 अप्रैल को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में तेज बारिश हो सकती है. 20 और 21 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बहुत भारी वर्षा की संभावना जताई गई है.


