अल्मोड़ा में दिल दहला देने वाला हादसा! यात्रीयों से भरी बस खाई में गिरी, 6 की मौत, कई घायल

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ है. भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. इस दुर्घटना में शुरुआती जानकारी के मुताबिक 6 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

अल्मोड़ा: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर सुबह-सुबह एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और प्रशासन की टीमें तुरंत पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया. पहाड़ी इलाका और खाई की गहराई रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बनी हुई है.

कैसे हुआ घटना?

जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 6 बजे भिकियासैंण से रामनगर की ओर जा रही यात्री बस पहाड़ी सड़क पर अचानक नियंत्रण खो बैठी. देखते ही देखते बस सड़क से फिसलते हुए गहरी खाई में लुढ़क गई. हादसे के बाद आसपास के इलाके में चीख-पुकार मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद राहत कार्य शुरू किया गया.

हादसे में 6 यात्रियों की मौत

प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार इस भीषण दुर्घटना में कम से कम 6 यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई. सभी मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है. पुलिस परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया में जुटी हुई है. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शवों को खाई से बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.

घायल लोगों का अस्पताल में इलाज जारी

हादसे में लगभग 12 यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सभी घायलों को तुरंत भिकियासैंण के नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है. कुछ घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिसके चलते अस्पताल में अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ और इमरजेंसी सुविधाएं तैनात कर दी गई हैं.

SDRF और प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन

हादसे की खबर मिलते ही SDRF की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई. साथ ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं. आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार, अभी भी बस के अंदर कुछ यात्रियों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन को तेजी से अंजाम दिया जा रहा है.

दुर्गम इलाका बना बड़ी चुनौती

अल्मोड़ा मुख्यालय से दुर्घटनास्थल की दूरी लगभग 100 किलोमीटर बताई जा रही है. दुर्गम पहाड़ी रास्ते और गहरी खाई के कारण राहत कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं. हादसे के बाद मार्ग पर यातायात रोक दिया गया है और पूरे क्षेत्र में प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag