दिल्ली से बिहार तक मौसम का यू-टर्न, 17 राज्यों में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है. मानसून की दस्तक से पहले कई राज्यों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है. कुछ इलाकों में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है.

नई दिल्ली: देशभर में लोग मानसून की पहली बारिश का इंतजार कर रहे हैं और इसी बीच मौसम ने कई राज्यों में अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि आने वाले घंटों में देश के कई हिस्सों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है. खास बात यह है कि केरल में मानसून की एंट्री अब कभी भी हो सकती है, जिससे मौसम का मिजाज और तेजी से बदलने की संभावना है. इसी को देखते हुए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत 17 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है.
मानसून की दस्तक से पहले ही देश के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय हो गया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कारण उत्तर, पूर्व और मध्य भारत में मौसम तेजी से बदल रहा है. जहां कुछ राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का असर दिखाई देगा, वहीं बिहार के कई इलाकों में अभी भी भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली-एनसीआर में धूलभरी आंधी और बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में सुबह से बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि दोपहर या शाम के समय धूलभरी आंधी चल सकती है और कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है. हवा की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है, जिससे तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की जा सकती है.
उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बदलेगा मौसम
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और मध्य हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है. कई जिलों में गरज-चमक के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. हालांकि राज्य के पूर्वी क्षेत्रों में गर्मी का असर बना रह सकता है और मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने की संभावना है.
पंजाब और हरियाणा में मिलेगी गर्मी से राहत
पंजाब और हरियाणा में भी मौसम का रुख बदलने वाला है. दोनों राज्यों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार इस बदलाव से तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी.
हिमाचल और उत्तराखंड में सतर्क रहने की सलाह
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना है. वहीं उत्तराखंड के कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है. प्रशासन ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है.
राजस्थान में मौसम बना आफत
राजस्थान में मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और धूलभरी आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. कई जिलों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने का अनुमान है. इसके साथ ही कुछ इलाकों में अच्छी बारिश भी हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
वहीं, पिछले कुछ दिनों से राजस्थान में मौसम का असर काफी गंभीर रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के कारण कई जिलों में तेज बारिश और आंधी दर्ज की गई है. जैसलमेर और बाड़मेर में देर रात आए धूलभरे तूफान और बारिश से जुड़े हादसों में तीन लोगों की जान चली गई. बाड़मेर के दो अलग-अलग गांवों में कच्चे मकानों की दीवार गिरने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई. इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.


