गर्मी के बाद अब बारिश बढ़ाएगी मुसीबत, IMD ने कई राज्यों के लिए जारी किया रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 से 48 घंटों के लिए कई राज्यों में तेज तूफान, भारी बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है. बदलते मौसम के बीच लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन कई इलाकों में मुश्किलें बढ़ सकती हैं.

नई दिल्ली: भारत में मॉनसून ने अभी पूरी तरह दस्तक भी नहीं दी है, लेकिन मौसम ने कई राज्यों में अचानक करवट ले ली है. कहीं तेज आंधी लोगों को डरा रही है तो कहीं भारी बारिश और ओलावृष्टि ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 से 48 घंटों को बेहद संवेदनशील बताते हुए कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और इसका असर अब उत्तर भारत तक दिखाई देने लगा है.
आईएमडी के अनुसार उत्तर प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा खराब रहने की आशंका है. पश्चिमी यूपी के कई जिलों में 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चल सकता है. इसके साथ भारी बारिश और ओले गिरने की संभावना जताई गई है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी मौसम काफी बिगड़ा रह सकता है. यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने का अनुमान है. 30 मई को पूरे राज्य में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रह सकती है, जबकि 31 मई को पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को खुले स्थानों और कमजोर ढांचों से दूर रहने की सलाह दी है.
कई जिलों में बदलेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अगले दो दिन मौसम काफी सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग ने यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने, गरज-चमक और भारी बारिश की चेतावनी दी है. कई इलाकों में ओले गिरने की भी आशंका है. तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी. हालांकि खराब मौसम के कारण यातायात और बिजली व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.
बिहार में भी मौसम तेजी से बदलने वाला है. राज्य के कई हिस्सों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान और भारी बारिश की संभावना जताई गई है. 30 मई को भी तेज हवाओं चलने के असर हैं. वहीं 31 मई और 1 जून को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. झारखंड में भी 31 मई तक तेज आंधी और बारिश होने की संभावना है.
पहाड़ी राज्यों में खराब मौसम की चेतावनी
उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान लगाया गया है. मौसम विभाग का कहना है कि 30 मई तक पहाड़ी क्षेत्रों में मौसम खराब बना रह सकता है. हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी तेज हवाओं और ओले गिरने की संभावना जताई गई है.
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी असर
मध्य प्रदेश में लू का असर अब कमजोर पड़ने लगा है. मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है. 31 मई को पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़ में भी 31 मई तक 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार 1 जून को भी कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश जारी रह सकती है.


