देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, दिल्ली से बिहार तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी

दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित देश के 17 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है. इन राज्यों में न सिर्फ भारी बारिश होगी बल्कि 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली आंधी की भी आशंका है.

Nidhi Jha
Edited By: Nidhi Jha

नई दिल्ली: देश के मौसम के मिजाज में एक बड़ा बदलाव आने वाला है. भीषण गर्मी झेल रहे उत्तर और मध्य भारत के लिए राहत और आफत दोनों एक साथ आने वाली हैं. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून किसी भी क्षण केरल के तट पर दस्तक दे सकता है.

अगले 48 से 72 घंटों के भीतर मानसून

आमतौर पर मानसून 1 जून के आसपास केरल पहुंचता है लेकिन इस बार इसमें मामूली देरी दर्ज की गई है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 से 72 घंटों के भीतर मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं. इसके प्रभाव से पूर्वोत्तर और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मूसलाधार बारिश का दौर शुरू होने की प्रबल आशंका है.

17 राज्यों में चेतावनी

मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड सहित देश के 17 राज्यों के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी की है. इन राज्यों में न सिर्फ भारी बारिश होगी बल्कि 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली आंधी की भी आशंका है. उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में 50 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से चलने वाले गंभीर तूफान जनजीवन को प्रभावित कर सकते हैं.

 धूलभरी आंधी और बारिश का संकट

राजधानी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में 1 से 5 जून के बीच गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. विशेष रूप से 3 और 4 जून को इन क्षेत्रों में 50 से 70 किमी/घंटा की गति से तेज तूफानी हवाएं चलेंगी. उत्तर प्रदेश की बात करें तो पश्चिमी यूपी में 3 और 4 जून को तीव्र आंधी की चेतावनी दी गई है.

गरज-चमक के साथ बारिश

जबकि 2 और 5 जून को वर्षा के आसार हैं. पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में 6 जून तक गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. उधर राजस्थान में 2 जून को तेज तूफानी हवाएं चलने और 3 से 5 जून के दौरान छिटपुट स्थानों पर बारिश की संभावना है. जम्मू-कश्मीर में भी 3 से 5 जून के बीच तेज आंधी के साथ कुछ इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है, जो 6 जून तक जारी रह सकती है.

छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र मौसम का हाल

मध्य भारत के पश्चिमी मध्य प्रदेश में 2 और 3 जून को भारी बारिश का पूर्वानुमान है, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 5 जून तक हल्की फुहारें गिरती रहेंगी. छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में 2 से 5 जून के बीच गरज-चमक के साथ मध्यम वर्षा होगी.

बिहार के मौसम का हाल

पूर्वी भारत के बिहार में 5 और 6 जून को तथा झारखंड में पूरे सप्ताह मौसम खराब रहेगा और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 4 से 6 जून के बीच भारी बारिश का अलर्ट है. ओडिशा में 2 जून को 70 किमी/घंटा की रफ्तार से चक्रवाती हवाएं चलेंगी, जिसके बाद 3 से 5 जून के बीच भारी बारिश होगी.

पूर्वोत्तर के राज्यों- अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 1 से 7 जून तक लगातार भारी बारिश का दौर चलेगा. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 6 और 7 जून को भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो