गर्मी का असर, मनाली से नैनीताल तक लगा लंबा जाम, घंटों तक फंसे पर्यटक
हिमाचल और उत्तरखंड में जबरदस्त भीड़ की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में जाम की स्थिति देखने को मिल रही है. इसी के चलते रविवार को चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे समेत शहर के कई इलाकों में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा.

शिमला: उत्तर भारत में गर्मी से राहत पाने के लोग पहाड़ी इलाको की और रुख कर रहे है. यहीं वजह है कि हिमाचल और उत्तरखंड में जबरदस्त भीड़ की वजह से प्रदेश के कई इलाकों में जाम की स्थिति देखने को मिल रही है. बता दें, अब हालात कुछ ऐसे हो गए है कि मनाली से लेकर नैनीताल तक सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं और लोगों को घंटों जाम में फंसे हुए है.
गर्मियों की छुट्टी का असर
गर्मियों का सीजन शुरू होते ही हिमाचल और उत्तराखंड में मानों टूरिस्ट सीजन भी शुरू हो जाता है. इसी बीच लॉन्ग वीकेंड और स्कूलों की छुट्टियों के कारण लोग घूमने निकल जाते है. इसी के चलते रविवार को चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे समेत शहर के कई इलाकों में यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा. इस दौरान मनाली शहर, माल रोड, वशिष्ठ, सोलंगनाला, पलचान और अटल टनल की ओर जाने वाले मार्गों पर सुबह से ही गाड़ियों की लंबी लाइनें लग गई. इतना ही नहीं जाम वजह से कई स्थानों पर वाहन बेहद धीमी गति से चलते नजर आए, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.
इस बीच सबसे ज्यादा जाम मनाली से सोलंगनाला और अटल टनल की तरफ जाने वाले रास्तों पर दिखाई दिया. बता दें, पलचान से सोलंग तक कई किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा, जिसके कारण पर्यटक घंटों तक सड़क किनारे फंसे रहे. इतना ही नहीं जाम का असर टैक्सी ड्राइवर्स, कर्मचारियों और स्कूली बच्चों पर देखने को मिला.
पार्किंग सुविधा के कारण भी हुई परेशानी
मनाली के बाजार और बस स्टैंड के आसपास भी हालात काफी खराब रहे. बता दें, अव्यवस्थित पार्किंग और बढ़ती भीड़ के कारण कई बार यातायात पूरी तरह रुक गया, जिस कारण ट्रैफिक संभालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. वहीं स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती संख्या कारोबार के लिए अच्छी है, लेकिन ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो इससे पर्यटन प्रभावित हो सकता है. इसे चलते स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पार्किंग सुविधाएं बढ़ाने और शटल सेवा शुरू करने की मांग की है.
नैनीताल में लगा चार किलोमीटर लंबा जाम
वहीं उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित कैंची धाम में भी भारी भीड़ देखने को मिली. बता दें, श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या के कारण कैंची धाम से निगलाट तक करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया. इसके साथ ही भवाली-अल्मोड़ा नेशनल हाईवे पर भी घंटों तक वाहन ट्रैफिक जाम के कारण रेंगते हुए नजर आए.


