दिल्ली में इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले मुश्किल में कांग्रेस? राहुल गांधी के खिलाफ लगे पोस्टर

दिल्ली में सोमवार को होने वाली इंडिया गठबंधन की बैठक से पहले राजधानी के प्रमुख इलाकों में कांग्रेस और राहुल गांधी विरोधी पोस्टर लगाए गए। पोस्टरों में उदयनिधि स्टालिन, शरद पवार, पी. विजयन, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल के पुराने बयानों का हवाला देकर कांग्रेस की विश्वसनीयता और विपक्षी गठबंधन की एकजुटता पर सवाल उठाए गए।

Kundan Kumar
Edited By: Kundan Kumar

दिल्ली : राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी की कमी है। ऐसा कहना है कि राजनीति के धुरंधर के खिलाड़ी और एनसीपी सुप्रीमो शरद पवार का। दिल्ली में सोमवार को होने वाली विपक्षी इंडिया गठबंधन की अहम बैठक से ठीक पहले दिल्ली की सड़कों पर कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ बड़े पैमाने पर पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में गठबंधन के नेताओं, उदयनिधि स्टालिन, शरद पवार, पी. विजयन, ममता बनर्जी और अरविंद केजरीवाल के बयानों का जिक्र कर कांग्रेस को धोखेबाज और अविश्वसनीय बताया गया है। सोमवार को होने वाली इंडिया ब्लॉक की बैठक से पहले अशोका रोड गोलचक्कर, रेल भवन गोलचक्कर, ली मेरिडियन गोलचक्कर समेत राजधानी के कई प्रमुख स्थानों पर ये पोस्टर नजर आए। पोस्टरों में कांग्रेस पर गठबंधन की पीठ में छुरा घोंपने का आरोप लगाया गया है। 

राहुल पर चौरतरफा हमला!

वहीं एक अन्य जगह पर केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और सीपीआई(एम) नेता पी. विजयन के पोस्टर पर लिखा गया है कि 'राहुल गांधी एक राष्ट्रीय स्तर के नेता हैं, लेकिन फिर भी उनमें इतनी भी समझ नहीं है जितनी कांग्रेस के एक आम स्थानीय कार्यकर्ता में होती है।' एक पोस्टर में डीएमके नेता उदयनिधि स्टालिन का बयान, '20 साल से ज़्यादा समय तक कांग्रेस हमारी पीठ पर बैठकर आगे बढ़ती रही, और आज उन्होंने हमारी ही पीठ में छुरा घोंप दिया', लिखा है।

ममता बनर्जी के बयानों का भी जिक्र

ममता बनर्जी भले ही आज होने वाली बैठक में शामिल हो रही हैं लेकिन कांग्रेस के खिलाफ उनके दिए बयान को अब पोस्टरों के जरिए बताया और दिखाया जा रहा है। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी का बयान इन पोस्टरों में प्रमुखता से छपा है, 'कांग्रेस अपनी विश्वसनीयता खो रही है। हम कांग्रेस पर निर्भर नहीं रह सकते।' एक अन्य पोस्टर में ममता का यह बयान है, 'अगर कांग्रेस गठबंधन (इंडिया ब्लॉक) नहीं चला सकती, तो मैं इसे चला सकती हूं।'

इन सभी पोस्टरों के नीचे एक ही स्लोगन छपा है कि 'इंडी अलायन्स वाले जो आपस में लड़ रहे हैं, वो साथ क्या लड़ेंगे!' अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन पोस्टरों को किसने लगवाया है, लेकिन पोस्टर के जरिए 'इंडिया' ब्लॉक में शामिल दलों की एकजुटता पर सवाल उठाया गया है।

वहीं कांग्रेस नेता पवन खेड़ा से जब इन पोस्टर के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मैंने अभी इन पोस्टर को देखा नहीं है। इसलिए कोई टिप्पणी नहीं करुंगा।' पवन खेड़ा का यह बयान समझ से परे है कि पूरी दिल्ली में पोस्टर लगाए गए हैं और उन्हें पता तक नहीं। 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो