ईरान पर हमलों के बाद भारत ने नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी की जारी

इजरायल और अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई के बाद भारतीय दूतावास ने नागरिकों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है.

Suraj Mishra
Edited By: Suraj Mishra

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच भारत ने इजरायल में रह रहे अपने नागरिकों के लिए एक अहम सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है. यह सलाह उस समय जारी की गई है, जब संयुक्त राज्य अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ कथित सैन्य कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव काफी बढ़ गया है. 

भारतीय दूतावास की अपील 

भारतीय दूतावास ने नागरिकों से हालात को देखते हुए अत्यधिक सतर्कता बरतने और सभी सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने की अपील की है. तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी अपने संदेश में कहा कि सभी भारतीय नागरिक इजरायली प्रशासन और गृह मोर्चा कमान द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें.

दूतावास ने नागरिकों को सलाह दी है कि वे अपने निवास या कार्यस्थल के पास मौजूद सुरक्षित आश्रय स्थलों की जानकारी रखें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत वहां पहुंचने के लिए तैयार रहें. साथ ही, अगली सूचना मिलने तक देश के भीतर गैर-जरूरी यात्रा से बचने और भीड़भाड़ वाले इलाकों से दूर रहने को कहा गया है.

दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय नागरिक स्थानीय समाचार, आधिकारिक घोषणाओं और आपातकालीन अलर्ट पर लगातार नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके. नागरिकों की सहायता के लिए भारतीय मिशन ने 24 घंटे सक्रिय रहने वाली आपातकालीन हेल्पलाइन भी शुरू की है. अधिकारियों के अनुसार, दूतावास इजरायली प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और स्थिति के अनुसार आगे की सलाह और अपडेट जारी करता रहेगा.

यह सुरक्षा चेतावनी ऐसे समय सामने आई है, जब इजरायल ने ईरान के खिलाफ पूर्व-नियोजित सैन्य अभियान की घोषणा की है. इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने कहा कि इस कार्रवाई का उद्देश्य देश के सामने मौजूद संभावित खतरों को खत्म करना है. इसके बाद क्षेत्र में सैन्य तनाव और टकराव की आशंका और बढ़ गई है.

सुरक्षित स्थान पर ले जाए गए खामेनेई 

अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईरान को निशाना बनाकर अमेरिकी हमले भी जारी हैं, जिससे हालात और संवेदनशील हो गए हैं. बताया जा रहा है कि हमलों के बाद ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई को सुरक्षा कारणों से तेहरान से बाहर एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया है.

गौरतलब है कि हाल के महीनों में इजरायल और ईरान के बीच सैन्य तनाव पहले से ही बढ़ा हुआ था, खासकर परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को लेकर. ताजा घटनाओं ने क्षेत्रीय स्थिरता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसे में भारत ने अपने नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह एडवाइजरी जारी की है, ताकि वे सुरक्षित रहें और किसी भी आपात स्थिति से बच सकें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो