झारखंड: कौन था प्लेन में सवार संजय? बेहतर इलाज के लिए कर्ज लिया, लेकिन मौत ने सब छीन लिया, दो बच्चे हुए अनाथ
झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया इलाके में हुआ एयर एम्बुलेंस दुर्घटना ने पूरे राज्य को गहरे शोक में डुबो दिया है. रांची से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस घने जंगल में क्रैश हो गई, जिसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.

रांची: झारखंड के चतरा जिले में सोमवार शाम को हुई दिल दहला देने वाली एयर एम्बुलेंस दुर्घटना ने पूरे राज्य को गहरे शोक में डुबो दिया है. रांची से दिल्ली जा रही एयर एम्बुलेंस सिमरिया थाना क्षेत्र के घने जंगलों में क्रैश हो गई, जिसमें विमान में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. इस हादसे में एक गंभीर झुलसे हुए मरीज, उसके परिजन, पायलट, सह-पायलट, डॉक्टर और पैरामेडिक स्टाफ शामिल थे.
यह यात्रा बेहतर इलाज की आखिरी उम्मीद लेकर शुरू हुई थी, लेकिन मौसम की मार और संभावित तकनीकी खराबी ने इसे अंतिम यात्रा में बदल दिया. गांव-गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवारों के सपने चकनाचूर हो गए हैं. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने हादसे की जांच शुरू कर दी है.
मरीज संजय कुमार और परिवार की त्रासदी
जिस मरीज को दिल्ली ले जाया जा रहा था, उनका नाम संजय कुमार, उम्र 41 वर्ष था. वे लातेहार जिले के चंदवा कस्बे में ढाबा (लाइन होटल) चलाते थे. कुछ दिन पहले ढाबे में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में वे करीब 65 प्रतिशत तक झुलस गए थे. 16 फरवरी को उन्हें रांची के देवकमल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए दिल्ली रेफर किया. परिवार ने महंगा एयर एम्बुलेंस किराया कर यह व्यवस्था की, लेकिन यह यात्रा संजय और उनके साथ गए परिजनों की आखिरी यात्रा साबित हुई.
बच्चे हुए अनाथ
संजय कुमार की पत्नी अर्चना देवी और भतीजा धीरू कुमार भी विमान में सवार थे. हादसे में तीनों की मौत हो गई. संजय के दो बेटे शुभम (17 वर्ष) और शिवम (13 वर्ष) जो अब अनाथ हो गए. चंदवा स्थित उनके घर पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पूरा गांव इस दुख में डूबा हुआ है.
मृतकों की पूरी सूची
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान निम्नलिखित हुई है: -
-
कैप्टेन विवेक विकास भगत (पायलट)
-
कैप्टेन सवराजदीप सिंह (को-पायलट)
-
डॉ. विकास कुमार गुप्ता (चिकित्सक)
-
सचिन कुमार मिश्रा (पैरामेडिक)
-
मरीज संजय कुमार
-
अर्चना देवी (मरीज की पत्नी)
-
धीरू कुमार (अटेंडेंट/भतीजा)
उड़ान और हादसे का क्रम
रेडबर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड का बीचक्राफ्ट C90 एयर एम्बुलेंस विमान सोमवार शाम 7:11 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ा. उड़ान भरने के महज 23 मिनट बाद शाम 7:34 बजे कोलकाता एटीसी से विमान का संपर्क अचानक टूट गया. बाद में जानकारी मिली कि विमान चतरा जिले के सिमरिया इलाके के घने जंगलों में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
जांच में जुटा DGCA
शुरुआती जांच में खराब मौसम, तेज बारिश और कम दृश्यता को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है. हालांकि, वास्तविक वजहों का पता लगाने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने औपचारिक जांच शुरू कर दी है. डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता मरीज को बचाने के मिशन पर निकले थे, लेकिन दुर्भाग्य से वे भी इस हादसे का शिकार हो गए.


