झारखंड में नक्सलियों का कायराना हमला! सारंडा जंगल में IED ब्लास्ट, CRPF के 2 जवान घायल, एक की हालत गंभीर

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान के दौरान बड़ा हादसा. 209 कोबरा बटालियन के दो CRPF जवान IED विस्फोट की चपेट में आ गए. इनमें से एक जवान की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में नक्सलियों के खिलाफ बड़े पैमाने पर चलाए गए सुरक्षा अभियान के दौरान शनिवार को दो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवान घायल हो गए. सरंडा के घने जंगलों में 209 कोबरा बटालियन के दो जवानों को नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी ब्लास्ट ने झकझोर दिया, जिसमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है. 

यह घटना चादरी डेरा गांव के पास हुई जहां जिला पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के कैडरों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन चलाया था. ऑपरेशन के दौरान एक सुरक्षा कर्मी अनजाने में नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी पर कदम रख बैठा, जिससे जोरदार विस्फोट हो गया.

पुलिस अधीक्षक का बयान

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सीआरपीएफ का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया. एक अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं.

घायल जवानों को इलाज

विस्फोट के तुरंत बाद घायल कर्मियों को जंगल से बाहर निकाला गया और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर से बेहतर चिकित्सा के लिए उन्हें रांची ले जाया गया. पश्चिम सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने घटना की पुष्टि की और बताया कि घायल कर्मी अस्पताल मे इलाज करा रहे हैं तथा उन्हें सुरक्षित रूप से ठीक होने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.

सुरक्षा बलों ने क्षेत्र घेरकर अभियान तेज किया

हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और कंबिंग ऑपरेशन को और तीव्र कर दिया है. सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि हालिया सफलताओं से निराश नक्सलियों ने सुरक्षा कर्मियों को निशाना बनाने के लिए कई जगहों पर आईईडी लगा रखे हैं.

जिला प्रशासन की अपील

जिला प्रशासन ने स्थानीय गांववालों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से गहरे जंगल क्षेत्रों में न जाएं और यदि उन्हें कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag