रांची में सनसनीखेज वारदात, पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की सुपारी देकर कराई हत्या, ऐसे खुला राज
रांची में एक सनसनीखेज हत्या कांड ने सबको हैरान कर दिया है. अवैध संबंधों के चलते पत्नी ने कथित तौर पर प्रेमी के साथ मिलकर पति की सुपारी देकर हत्या करवा दी. पुलिस जांच में साजिश की परतें खुलती जा रही हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.

रांची: झारखंड की राजधानी रांची से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां वैवाहिक रिश्ते को तार-तार करते हुए एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रच डाली. इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
मृतक की पहचान रांची जिले के हुसीर गांव निवासी विजय लोहरा के रूप में हुई है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी पत्नी नीतू देवी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी और हत्या को अंजाम देने वाले शूटरों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.
अवैध संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि नीतू देवी का एक युवक के साथ अवैध संबंध था. जब पति विजय लोहरा को इस रिश्ते की जानकारी मिली तो उसने इसका विरोध किया. पति का विरोध नीतू और उसके प्रेमी को नागवार गुजरा. इसके बाद दोनों ने मिलकर विजय को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उसकी हत्या के लिए सुपारी दे दी.
अपहरण के बाद सुनसान जगह फेंका शव
पूर्व नियोजित योजना के तहत 10 फरवरी को विजय को कार में बैठाकर अगवा किया गया. इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई. वारदात को छिपाने के इरादे से शव को अनगड़ा थाना क्षेत्र के हेसल स्थित रिंग रोड की सर्विस लेन के पास सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया, ताकि पहचान और जांच में देरी हो सके.
बाद में शव बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया.
प्रेमी और सुपारी किलरों की तलाश जारी
नीतू देवी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके प्रेमी और सुपारी लेकर हत्या करने वाले शूटरों की तलाश में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हत्या के लिए कितनी रकम तय की गई थी और इस साजिश में और कौन-कौन शामिल था.
पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला
गौरतलब है कि रांची जिले में अवैध संबंधों के चलते हत्या का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले सोनाहातू थाना क्षेत्र में हरिहर महतो नामक युवक की उसकी शादीशुदा प्रेमिका ने अपने पति और सहयोगियों के साथ मिलकर निर्मम हत्या कर दी थी. आरोपियों ने हत्या के बाद शव को कांची नदी किनारे फेंक दिया था. उस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी सुलोचना देवी और उसके पति छत्रपति महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.


