तिरुवनंतपुरम: लोक भवन से मिली जानकारी के अनुसार केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने बुधवार, 20 मई 2026 को अपनी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट सरकार में मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है। सीएम ने वित्त, कानून, सामान्य प्रशासन और बंदरगाह जैसे अहम विभाग अपने पास रखे हैं। इसके साथ ही वे 31 अन्य विभागों का कामकाज भी देखेंगे।
आपको बताते चलें कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला को नई कैबिनेट में बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें गृह और सतर्कता जैसे महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं। इनके अलावा वे तीन अन्य विभागों का काम भी संभालेंगे। गृह विभाग मिलने के बाद राज्य की कानून व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी अब चेन्निथला के पास होगी।
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग के नेता पीके कुन्हालीकुट्टी को 07 विभागों की जिम्मेदारी दी गई है। वे उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी और वस्त्र विभाग सहित चार अन्य विभागों की देखरेख करेंगे। सरकार का फोकस राज्य में निवेश और रोजगार बढ़ाने पर है, इसलिए उद्योग विभाग को अहम माना जा रहा है।
केरलम कांग्रेस के प्रमुख सनी जोसेफ को बिजली और पर्यावरण विभाग दिया गया है। वहीं वरिष्ठ कांग्रेस नेता के मुरलीधरन को स्वास्थ्य और देवस्वम मंत्री बनाया गया है। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर करने की जिम्मेदारी अब मुरलीधरन के कंधों पर होगी।
रोजी एम जॉन को उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। एपी अनिल कुमार भूमि और राजस्व विभाग का काम देखेंगे। रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी के विधायक शिबू बेबी जॉन को वन एवं वन्यजीव संरक्षण तथा कौशल विकास विभाग सौंपा गया है। केरलम कांग्रेस जोसेफ गुट के विधायक मॉन्स जोसेफ सिंचाई, भूजल, जल आपूर्ति, स्वच्छता और आवास विभाग संभालेंगे।