इंदौर में गाड़ियों के शोरूम में लगी भीषण आग, धू-धू कर जल उठीं गाड़ियां
इंदौर में इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते शोरूम में रखे सभी वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए.

मध्य प्रदेश: राजधानी इंदौर के पूर्वी क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जहां एक इलेक्ट्रिक वाहन शोरूम में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते शोरूम में रखे सभी वाहन जलकर पूरी तरह खाक हो गए. इस दर्दनाक हादसे के बीच राहत की बात यह रही कि स्थानीय लोगों की सूझबूझ और बहादुरी के कारण एक बड़ा रिस्क टल गया और ऊपरी मंजिल पर फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.
पड़ोसी बने फरिश्ते
जिस समय यह हादसा हुआ शोरूम की ऊपरी मंजिलों पर बने रिहायशी कमरों में कई लोग मौजूद थे. नीचे गाड़ियों में लगी आग के कारण पूरी बिल्डिंग में दमघोंटू काला धुआं भर गया. जिससे ऊपर रहने वाले लोग अंदर ही फंस गए और उनके बाहर निकलने का रास्ता बंद हो गया.
मसीहा बनकर मोर्चा संभाला
ऐसे नाजुक समय में पड़ोसियों ने मसीहा बनकर मोर्चा संभाला. लोगों ने तुरंत दिमाग दौड़ाया और एक लंबी लकड़ी की सीढ़ी का इंतजाम किया. इस सीढ़ी के जरिए प्रभावित बिल्डिंग की छत को बगल वाले घर की छत से जोड़ा गया. इसके बाद एक-एक करके सभी फंसे हुए लोगों को उस अस्थायी पुल के रास्ते दूसरी छत पर उतारा गया.
आग पर काबू पाया गया
इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर रिहायशी इलाकों में चल रहे कमर्शियल शोरूम्स की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं.


