पूर्व जज से बनी कैदी नंबर 71! ट्विशा शर्मा मौत मामले में भोपाल जेल पहुंची गिरिबाला सिंह, बेटे समर्थ को बैरक नंबर-4 में भेजा गया
ट्विशा शर्मा मौत मामले में पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोपाल सेंट्रल जेल भेज दिया गया है. जेल में दोनों को कैदी नंबर दिए गए हैं.

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. अदालत ने पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. मंगलवार को दोनों को भोपाल सेंट्रल जेल पहुंचाया गया, जहां अब उनकी पहचान कैदी नंबरों से होगी.
गिरिबाला सिंह बनी कैदी नंबर 71
जेल सूत्रों के मुताबिक, 63 वर्षीय गिरिबाला सिंह को महिला मेडिकल सेक्शन में रखा गया है. जेल रिकॉर्ड में उनकी पहचान अब कैदी नंबर 71 के रूप में दर्ज की गई है. वहीं उनके बेटे समर्थ सिंह को बैरक नंबर-4 में भेजा गया है, जहां उन्हें कैदी नंबर 1782 दिया गया है. जेल नियमों के अनुसार दोनों को दैनिक जरूरत का सामान उपलब्ध कराया गया है. इसमें थाली, कटोरी और चादर जैसी जरूरी चीजें शामिल हैं.
कोर्ट में हुई तीखी बहस
मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान गिरिबाला सिंह ने खुद अपना पक्ष रखा. इस दौरान उनकी और ट्विशा शर्मा के परिवार की ओर से पेश वकील अनुराग श्रीवास्तव के बीच तीखी बहस भी देखने को मिली.
गिरिबाला सिंह ने आरोप लगाया कि जबलपुर जिला कोर्ट परिसर में उनके बेटे समर्थ सिंह के साथ धक्कामुक्की की गई थी. इस पर दूसरे पक्ष ने कहा कि यदि ऐसा हुआ है तो कोर्ट के सीसीटीवी फुटेज की जांच होनी चाहिए. इसके बाद अदालत में कुछ देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा.
ट्विशा के परिवार ने उठाए सवाल
सुनवाई के दौरान ट्विशा शर्मा के परिवार ने यह सवाल भी उठाया कि समर्थ सिंह को जबलपुर में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के चेंबर में शरण कैसे मिली. समर्थ के वकील ने दलील दी कि किसी भी व्यक्ति को खतरा महसूस होने पर सुरक्षित स्थान पर जाने का अधिकार है.
कौन थीं ट्विशा शर्मा?
33 वर्षीय ट्विशा शर्मा नोएडा की रहने वाली थीं. उन्होंने एमबीए किया था और दिल्ली में मार्केटिंग एवं कम्युनिकेशन सेक्टर में काम किया था.ट्विशा मॉडलिंग से भी जुड़ी रही थीं और ‘मिस पुणे’ का खिताब जीत चुकी थीं. दिसंबर 2025 में उनकी शादी भोपाल के वकील समर्थ सिंह से हुई थी.
12 मई 2026 को ट्विशा अपने ससुराल में मृत पाई गई थीं. शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या बताया गया, लेकिन परिवार ने दहेज प्रताड़ना और मानसिक दबाव के गंभीर आरोप लगाए हैं. जांच एजेंसियां अब डिजिटल साक्ष्यों और चैट रिकॉर्ड्स की भी जांच कर रही हैं.


