मुंबई: महाराष्ट्र में शिक्षक बनने का सपना देख रहे लाखों अभ्यर्थियों को बड़ा झटका लगा है. बता दें, राज्य के ठाणे जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) का प्रश्नपत्र लीक होने की आशंका के बाद शिक्षा विभाग ने परीक्षा स्थगित कर दी है. यह परीक्षा रविवार, 28 जून को आयोजित होनी थी लेकिन एग्जाम से ठीक एक दिन पहले पेपर लीक की खबर सामने आने से पूरे शिक्षा महकमे में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक, कुछ लोगों के पास से एक प्रश्नपत्र बरामद हुआ है, जिसकी अब शिक्षा विभाग यह जांच कर रहा है कि बरामद दस्तावेज होने वाले TET परीक्षा का वास्तविक प्रश्नपत्र है या फिर किसी मॉक टेस्ट का पेपर. अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान दोनों प्रश्नपत्रों का मिलान किया जाएगा और अगर जांच में दोनों एक जैसे पाए जाते हैं, तो पुलिस में मामला दर्ज कराया जाएगा और पूरे मामले की आपराधिक जांच शुरू की जाएगी.
फिलहाल इस मामले में पुलिस और शिक्षा विभाग की ओर से कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. हालांकि, एहतियात के तौर पर परीक्षा को फिलहाल टाल दिया गया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी.
बताया जा रहा है कि इस परीक्षा में करीब 4.28 लाख अभ्यर्थी शामिल होने वाले थे, लेकिन परीक्षा के स्थगित होने से इन उम्मीदवारों को बड़ा झटका लगा है. वहीं इसका असर अभ्यर्थियों की तैयारियों और भविष्य पर भी पड़ा है. यही वजह है कि लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के बीच अब इस पूरे मामले को लेकर निराशा और नाराजगी देखी जा रही है.
बता दें, यह पहली बार नहीं है जब महाराष्ट्र में TET परीक्षा विवादों में आई हो. इससे पहले साल 2025 में भी कोल्हापुर से शिक्षक पात्रता परीक्षा का पेपर लीक होने का मामला सामने आया था. ऐसे में एक बार फिर इसी तरह की घटना ने परीक्षा प्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. अब सभी की नजर शिक्षा विभाग की जांच पर टिकी है. First Updated : Saturday, 27 June 2026