मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर खतरनाक केमिकल हुआ लीक, कई लोगों को हुई खुजली और सांस की तकलीफ
मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर केमिकल गैस लीक होने से अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है. अब तक स्थानीय लोगों द्वारा कई स्वास्थ्य समस्याएं सामने आ गई है.

महाराष्ट्र: मुंबई-अहमदाबाद नेशनल हाईवे पर सोमवार को दहानू के चारोटी नाका के पास एक टैंकर से केमिकल लीक होने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. टैंकर में सोडियम क्लोराइड ले जा रहा था, जिसमें तकनीकी खराबी के कारण लीक हो गया. हवा के साथ फैलने वाली गैस जैसी गंध ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया.
स्थानीय लोगों और यात्रियों में स्वास्थ्य समस्या
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गैस लीक की वजह से कई स्थानीय निवासियों और हाईवे से गुजर रहे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत हुई. कई लोगों ने त्वचा पर खुजली और जलन की शिकायत की. स्थिति तेजी से बिगड़ने लगी तो लोग प्रभावित इलाके से दूर भागने लगे. गंध इतनी तेज थी कि आसपास के लोग घबरा गए.
प्रशासन और अग्निशमन की त्वरित कार्रवाई
पालघर जिला प्रशासन को सूचना मिलते ही अधिकारियों ने तुरंत कदम उठाए. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ट्रैफिक को नियंत्रित करने लगी ताकि और कोई खतरा न हो.
दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात की गई और लीक को रोकने के लिए तेजी से काम शुरू कर दिया गया. फायर फाइटर्स ने टैंकर पर पानी का छिड़काव कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की. उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि केमिकल आगे न फैले.
ट्रैफिक पर बुरा असर
सुरक्षा के मद्देनजर गुजरात से मुंबई की ओर जाने वाली सर्विस रोड को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है. मुख्य हाईवे पर ट्रैफिक चल रहा है, लेकिन काफी धीमी गति से. प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे उस इलाके से गुजरते समय अपनी गाड़ी की खिड़कियां बंद रखें और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें.
प्रशासन का स्थानीय लोगों के लिए सलाह
जिला प्रशासन ने चारोटी और आसपास के इलाकों के निवासियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें. घर से बाहर निकलते समय मास्क जरूर पहने. अगर सांस लेने में तकलीफ, खुजली या कोई असुविधा महसूस हो तो नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तुरंत चिकित्सा सहायता लें.
अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं ताकि मामला और न बढ़े. अभी तक कोई बड़ा खतरा नहीं बताया गया है, लेकिन सावधानी बरती जा रही है.


