पूर्व क्रिकेटर और TMC सांसद यूसुफ पठान के ससुर और साले गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला?

जब एक स्थानीय निवासी यूसुफ खान घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार सड़क के गड्ढे में चली गई। पानी उछलकर वहां खड़े शोएब खान पर जा गिरा, जो यूसुफ पठान के रिश्तेदार हैं।

Sachin Hari Legha

नई दिल्ली: पूर्व क्रिकेटर और TMC सांसद यूसुफ पठान के ससुर, साले और एक रिश्तेदार को मुंबई के भायखला में मारपीट के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस ने यह कार्यवाही एक CCTV के वीडियो फुटेज के आधार पर की। गिरफ़्तारी के बाद पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला 

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मामला शनिवार (18 अप्रैल 2026) रात करीब 9 बजे का है। जब एक स्थानीय निवासी यूसुफ खान घर लौट रहे थे, तभी उनकी कार सड़क के गड्ढे में चली गई। पानी उछलकर वहां खड़े शोएब खान पर जा गिरा, जो यूसुफ पठान के रिश्तेदार हैं।

यूसुफ खान का कहना है कि उन्होंने तुरंत कार रोककर माफी मांगी, लेकिन बात बढ़ गई। आरोप है कि शोएब ने गालियां दीं, बांस की लाठी से कार का शीशा तोड़ा और मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद यूसुफ खान परिवार की सलाह पर पुलिस में शिकायत करने निकले।

इस दौरान रास्ते में उनकी मुलाकात यूसुफ पठान के ससुर खालिद खान उर्फ मकालीक से हो गई। पुलिस के मुताबिक खालिद ने बेटे उमरशाद खान, शोएब खान और शहबाज पठान के साथ मिलकर यूसुफ खान और उनके परिवार पर दोबारा हमला कर दिया। इस बार बांस की लाठियों और बेसबॉल बैट का इस्तेमाल हुआ।

मारपीट में यूसुफ खान की टूटी हड्डियाँ 

दरअसल इस मारपीट में पीड़ित व्यक्ति यूसुफ खान के साले सलमान का हाथ टूट गया और चाचा ज़की अहमद को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने खालिद, उमरशाद और शोएब को गिरफ्तार कर लिया, जबकि शहबाज पठान अभी फरार है। तीनों पर मारपीट और गंभीर चोट पहुंचाने का केस दर्ज हुआ है। कोर्ट ने आरोपियों को 2 मई तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस ने की बड़ी कार्यवाही 

इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस का बताया कि CCTV फुटेज और चश्मदीदों के बयानों से आरोपियों की पहचान साफ हो गई है। जब्त हथियारों में बांस की लाठियां और एक बेसबॉल बैट शामिल हैं। अभियोजन पक्ष ने जमानत का विरोध किया है। दलील दी कि फरार आरोपी को पकड़ना, आपराधिक रिकॉर्ड खंगालना और सबूतों से छेड़छाड़ रोकने के लिए हिरासत जरूरी है।

वहीं बचाव पक्ष के वकील दयानंद डेरे ने कहा कि यह मामूली बहस थी जिसमें दोनों पक्ष शामिल थे। पुलिस ने एकतरफा कहानी पेश की है। उन्होंने यह भी कहा कि खालिद खान वरिष्ठ नागरिक हैं और उन्हें फंसाया गया है। पुलिस ने जवाबी शिकायत पर यूसुफ खान के खिलाफ भी FIR दर्ज की है। यूसुफ खान का आरोप है कि उन पर दो बार हमला हुआ, पहले मौके पर और फिर शिकायत करने जाते समय भी। अब यह केस कोर्ट तक पहुँच चुका है।

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो