कठुआ में बादल फटने से हुई जनहानि पर उमर अब्दुल्ला ने की सहायता राशि की घोषणा
कठुआ में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं में सात लोगों की मौत और छह घायल होने पर मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने राहत कोष से मुआवजे की घोषणा की. प्रत्येक मृतक के परिजन को ₹2 लाख और घायलों व मकान क्षति पर भी आर्थिक सहायता दी जाएगी.

kathua Cloudburst: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने रविवार को कठुआ जिले में बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए कई अहम घोषणाएं कीं. मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि राज्य आपदा प्रतिक्रिया कोष की मदद के अतिरिक्त, मुख्यमंत्री राहत कोष से भी पीड़ितों को अनुग्रह राशि दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सहायता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने और उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाने में मदद करेगी. उन्होंने कठुआ जिले में आई आपदा पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ितों के प्रति शोक संवेदना प्रकट की.
कठुआ के विभिन्न इलाकों में फटा बादल
रविवार तड़के कठुआ जिले के विभिन्न इलाकों में बादल फटने और भूस्खलन की दो अलग-अलग घटनाओं में एक ही परिवार के पांच बच्चों सहित सात लोगों की जान चली गई. छह अन्य लोग घायल हो गए हैं. घटनाएं इतनी भीषण थीं कि कुछ घर पूरी तरह से नष्ट हो गए, जबकि कई को गंभीर क्षति पहुंची.
मृतक के परिवार को मिलेंगे ₹2 लाख
सरकार की ओर से जारी विवरण के अनुसार, प्रत्येक मृतक के परिवार को ₹2 लाख, गंभीर रूप से घायलों को ₹1 लाख और मामूली रूप से घायलों को ₹50 हजार की राहत राशि प्रदान की जाएगी. साथ ही, जिनके घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, उन्हें ₹1 लाख, गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए ₹50 हजार और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों के लिए ₹25 हजार की सहायता दी जाएगी.
मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि राहत कार्यों में तेजी लाई जाए और पीड़ित परिवारों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचे. उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि राज्य सरकार आपदा से प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता दी जाएगी.


