Budget 2026 में महिलाओं को मिली सुपर पावर, पीएम मोदी ने लाखपति दीदी योजना को दिया बढ़ावा
निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने के बाद पीएम मोदी ने महिलाओं को लेकर बड़ी बात कही है. उन्होंने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार बजट पेश करने की सराहना की है.

Budget 2026: केंद्रीय बजट 2026-27 पेश होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे ऐतिहासिक करार दिया. उन्होंने कहा कि यह बजट देश की नारी शक्ति के सशक्तिकरण को मजबूती से दिखाता है. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा लगातार नौवीं बार बजट पेश करने की सराहना करते हुए पीएम मोदी ने इसे महिला सशक्तिकरण का बड़ा प्रतीक बताया.
नारी शक्ति का मजबूत संदेश
पीएम मोदी ने कहा, “आज का बजट ऐतिहासिक है. यह देश की महिला शक्ति के सशक्त सशक्तिकरण को दर्शाता है.” उन्होंने निर्मला सीतारमण की तारीफ की कि एक महिला वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने नौवीं बार बजट पेश कर इतिहास रचा है. यह उपलब्धि संसद के इतिहास में गर्व का विषय है. बजट में महिलाओं के लिए कई योजनाएं हैं, जैसे शेल्फ हेल्प ग्रुप्स को मजबूत करना और उन्हें उद्यमी बनाने के कदम भी हैं.
विकसित भारत 2047 की मजबूत नींव
प्रधानमंत्री ने बजट को अपार अवसरों का राजमार्ग बताया. उन्होंने कहा कि यह बजट वर्तमान की आकांक्षाओं को हकीकत में बदलता है और भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत आधार देता है. पीएम मोदी ने जोर देते हुए कहा. “भारत रिफॉर्म एक्सप्रेस पर सवार है. यह बजट इसे नई ऊर्जा और गति देता है.” भारत जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने, यही 140 करोड़ भारतीयों की चाहत है.
सुधारों की एक्सप्रेस ट्रेन को नई रफ्तार
बजट में सुधारों पर फोकस है. पीएम मोदी ने कहा कि सरकार रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म के सिद्धांत पर काम कर रही है. यह बजट इंफ्रास्ट्रक्चर, युवाओं, किसानों और महिलाओं के सपनों को साकार करने वाला है. इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और हर वर्ग को फायदा मिलेगा.
महिलाओं के लिए खास प्रावधान
बजट में महिलाओं के सशक्तिकरण पर खास ध्यान दिया गया है. लाखपति दीदी जैसी योजनाओं को बढ़ावा, महिलाओं के लिए नए मार्ट्स और एंटरप्राइज प्लेटफॉर्म, लड़कियों के लिए हर जिले में हॉस्टल जैसी घोषणाएं महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएंगी. पीएम मोदी ने कहा कि हर घर लक्ष्मी जी पधारें, यही कोशिश है. कुल मिलाकर, बजट 2026 को पीएम मोदी ने भारत के उज्ज्वल भविष्य और महिला सशक्तिकरण का मजबूत संदेश बताया है.


