शादी से पहले लड़कों का डोप टेस्ट अनिवार्य हो, AAP सांसद ने लोकसभा में उठाई कानून बनाने की मांग

आम आदमी पार्टी के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने लोकसभा में एक दिलचस्प प्रस्ताव रखा. उन्होंने कहा कि शादी से पहले लड़कों के लिए डोप टेस्ट और फिटनेस टेस्ट अनिवार्य कर दिया जाए.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

नई दिल्ली: लोकसभा में आम आदमी पार्टी के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने केंद्र सरकार से एक महत्वपूर्ण मांग की है. उन्होंने शादी के समय लड़कों के लिए डोप टेस्ट जांच को अनिवार्य बनाने के लिए कानून बनाने की अपील की. शुक्रवार को शून्यकाल के दौरान सदन में यह मुद्दा उठाते हुए कंग ने कहा कि बढ़ते तलाक और घरेलू हिंसा के मामलों को देखते हुए यह जरूरी है. कंग ने सदन को बताया कि शादी के समय लड़की की तो गहन जांच की जाती है, लेकिन लड़के की जांच उतनी सख्ती से नहीं होती. इससे कई बार शादी के बाद गंभीर समस्याएं सामने आती हैं.

शादी से पहले डोप टेस्ट अनिवार्य करने की मांग

आम आदमी पार्टी के सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा, आज हमारे समाज में तलाक और घरेलू हिंसा के मामले बढ़ते जा रहे हैं. जब नया रिश्ता जुड़ता है तो लड़की के बारे में बहुत जांच-पड़ताल की जाती है, लेकिन लड़कों को लेकर उतनी जांच-पड़ताल नहीं होती.'  उन्होंने आगे कहा, सरकार से मांग है कि एक कानून बनाया जाए कि शादी के समय डोप टेस्ट और चिकित्सा जांच अनिवार्य हो. कंग ने जोर देकर कहा कि दूल्हे के लिए अनिवार्य कर दिया जाना चाहिए कि वह मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट और डोप टेस्ट का सर्टिफिकेट लड़की वालों के सामने पेश करे और तभी शादी हो.  

उनका कहना था कि शादी के बाद कई बार सामने आता है कि लड़का गंभीर रूप से बीमार है या फिर वह आपराधिक प्रवृत्ति का है. इससे महिलाओं के जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है.

ऑनलाइन कारोबार पर लगाम की मांग की

कांग्रेस के उज्जवल रमण सिंह ने शुक्रवार को सरकार से ऑनलाइन कारोबार पर अंकुश लगाने तथा छोटे एवं मझौले व्यापारियों के हितों के संरक्षण की मांग की. सिंह ने शून्य काल में इस बारे में नियम बनाने और छोटे दुकानदारों तथा मझौले व्यापारियों के व्यवसाय को बचाने के उपाय करने की सरकार से अपील की.

सपा सांसद ने किसानों की समस्या उठाई

समाजवादी पार्टी के वीरेन्द्र सिंह ने किसानों के घरों में बिजली के स्मार्ट मीटर लगाने पर बिल बढ़कर आने तथा प्रीपेड मीटर लगाने से उन्हें हो रही कठिनाइयों की ओर सरकार का ध्यान आकृष्ट किया. उन्होंने इन समस्याओं को दूर करने की मांग की.

अन्य सांसदों की प्रमुख मांगें

भारतीय जनता पार्टी के निशिकांत दुबे ने मुस्लिमों और ईसाइयों से विवाह करने वाली आदिवासी युवतियों का अनुसूचित जनजाति का दर्जा समाप्त करने की मांग की.  भाजपा के चन्दूभाई छगनभाई शिहोरा ने गुजरात के सुरेन्द्र नगर इलाके के नमक किसानों को बारिश से हुए नुकसान की भरपाई करने और उन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.  सपा के आनंद भदौरिया ने उत्तर प्रदेश में शहीदों और संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किए जाने का मुद्दा उठाया और दोषियों को सजा देने की मांग की.  कांग्रेस के डॉ. प्रशांत यादवराव पडोले ने 2027 की जनगणना के लिए निर्धारित प्रारूप के कॉलम में अन्य पिछड़ा वर्ग को भी जोड़ने की मांग की.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो