सोनिया गांधी के जन्मदिन पर पीएम मोदी ने दी बधाई, एमके स्टालिन और डीके ने भी भेजे शुभकामना संदेश

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री मोदी, तमिलनाडु सीएम स्टालिन और कर्नाटक डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार सहित कई नेताओं ने शुभकामनाएं दीं. सभी ने उनके त्याग, नेतृत्व, मूल्यों और राजनीतिक योगदान की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ जीवन की कामना की.

Yaspal Singh
Edited By: Yaspal Singh

नई दिल्लीः कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के जन्मदिन पर मंगलवार को देशभर के प्रमुख नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर संदेश साझा करते हुए सोनिया गांधी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की. उन्होंने लिखा, “सोनिया गांधी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. ईश्वर करे आपको लंबी उम्र और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद मिले.”

प्रधानमंत्री के इस संदेश के बाद कई अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों और नेताओं ने भी सोशल मीडिया पर अपनी शुभकामनाएं व्यक्त कीं. सोनिया गांधी को आमतौर पर देश की राजनीति में संयम, दृढ़ता और सरलता के प्रतीक के रूप में देखा जाता है, और उनके जन्मदिन पर शुभकामनाओं का यह सिलसिला उनकी व्यापक स्वीकार्यता को दर्शाता है.

सीएम स्टालिन ने भी दी शुभकामनाएं

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने सोनिया गांधी के जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए उनके राजनीतिक जीवन और आदर्शों की सराहना की. उन्होंने एक्स पर लिखा कि सोनिया गांधी का जीवन त्याग, निस्वार्थ सेवा और धर्मनिरपेक्ष तथा संवैधानिक मूल्यों को बचाए रखने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है.

स्टालिन ने आगे कहा कि सोनिया गांधी के सिद्धांत आज भी देश की राजनीति के लिए प्रेरणास्रोत हैं. उन्होंने कामना की कि उनका मार्गदर्शन एक प्रगतिशील और समावेशी भारत के निर्माण के सामूहिक प्रयासों को मजबूत करता रहे. डीएमके और कांग्रेस के बीच लंबे समय से बने राजनीतिक सहयोग के संदर्भ में स्टालिन का यह संदेश विशेष महत्व रखता है.

डिप्टी सीएम डी.के. शिवकुमार ने दी बधाई

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भी सोनिया गांधी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उनके प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की. शिवकुमार ने लिखा कि सोनिया गांधी की निस्वार्थ नेतृत्व शैली, रणनीतिक सोच और दूरदर्शिता ने न केवल कांग्रेस संगठन को मजबूत किया है, बल्कि कार्यकर्ताओं में जनता की सेवा करने की प्रतिबद्धता को भी बढ़ाया है.

उन्होंने अपने संदेश में यह भी कहा कि अपने पूरे राजनीतिक सफर के दौरान सोनिया गांधी द्वारा उन पर दिखाया गया विश्वास उनके लिए बेहद मूल्यवान रहा है. शिवकुमार ने कामना की कि ईश्वर सोनिया गांधी को स्वस्थ्य और ऊर्जा से भरपूर रखें ताकि वे आगे भी जनता की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाती रहें और पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरित करती रहें.

 

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag