271 युवाओं को नियुक्ति पत्र देते हुए सीएम मान गरजे-अब सिर्फ योग्यता की गूंज, भ्रष्टाचार और जान-पहचान का खेल बंद
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने साफ कहा कि पंजाब में अब नौकरी सिर्फ योग्यता पर मिलेगी, न रिश्ता चलेगा, न पैसा। युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि सिफारिश और भ्रष्टाचार का दौर खत्म हो चुका है।

पंजाब न्यूज. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने युवाओं को कहा कि अब पंजाब में नौकरी पाने के लिए किसी मंत्री, विधायक या जानकार का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। नौकरी सिर्फ मेहनत और मेरिट के आधार पर ही दी जाएगी, सिफारिश और रिश्वत का समय अब खत्म हो गया है। चंडीगढ़ में आयोजित समारोह में 271 युवाओं को सीएम ने नियुक्ति पत्र दिए। मान ने कहा कि यह आपकी मेहनत का नतीजा है, लेकिन सरकार का नाम पारदर्शिता से रोजगार देने में चमक रहा है। अब हर काबिल युवा पंजाब सरकार परिवार का हिस्सा बन सकता है।
55 हजार नौकरियों का दावा
मान ने कहा कि उनकी सरकार अब तक 55,201 नौकरियां दे चुकी है। उन्होंने विरोधियों पर वार करते हुए कहा कि पहले की सरकारों में नौकरी सिर्फ रिश्तेदारों और अपने चहेतों को मिलती थी, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। अब काबिलियत और मेहनत ही रास्ता खोलेगी।
युवाओं के अनुभव सामने आए
नौकरी पाने वाले युवाओं ने कहा कि उन्होंने सिर्फ परीक्षा दी थी और मेरिट में नाम आया। बिना सिफारिश, बिना दबाव, उन्हें नियुक्ति पत्र मिला। युवाओं की यह गवाही सुनकर मुख्यमंत्री खुद भी गदगद हो उठे और कहा यही असली बदलाव है।
सीएम की नसीहत युवाओं को
मान ने कहा कि कुर्सी पर बैठकर पेन से इंसाफ करना। जायज काम के लिए जनता को भटकाना मत, तनख्वाह के साथ दुआएं भी कमाना। गरीब की दुआ और अल्लाह की रहमत ही असली तरक्की का रास्ता है, इसका कोई शॉर्टकट नहीं होता।
ईमानदारी से निभाओ किरदार
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुनिया एक रंगमंच है और हर इंसान एक किरदार निभाने आता है। नौकरी करते वक्त ऐसा किरदार निभाओ जो यादगार बन जाए। ईमानदारी और मेहनत से काम करोगे तो तरक्की की सीढ़ी जरूर चढ़ोगे। जिम्मेदारी संभालकर चलो क्योंकि गिराने वाले बहुत मिलेंगे।


