मुख्यमंत्री स्वास्थ्य योजना को लेकर विरोधियों द्वारा फैलाए जा रहे झूठ से बचें, भगवंत मान ने पंजाबियों से की अपील

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्यवासियों से ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के प्रति बढ़ते दुष्प्रचार को नजरअंदाज करने की अपील की है. उन्होंने वीडियो संदेश जारी कर कहा कि पंजाब विरोधी ताकतें जानबूझकर इस क्रांतिकारी योजना के बारे में भ्रामक जानकारी फैला रही हैं

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

चंडीगढ़: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने राज्यवासियों से ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ के प्रति बढ़ते दुष्प्रचार को नजरअंदाज करने की अपील की है. उन्होंने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि पंजाब विरोधी ताकतें जानबूझकर इस क्रांतिकारी योजना के बारे में भ्रामक जानकारी फैला रही हैं, जिससे लोग गुमराह न हों. मुख्यमंत्री ने इस योजना को देश में अपनी तरह की पहली और ऐतिहासिक पहल करार देते हुए जोर दिया कि यह हर पंजाबी परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराएगी.

भगवंत मान ने स्पष्ट किया कि यह योजना कमजोर वर्गों सहित पूरे राज्य के लोगों के लिए वित्तीय बोझ कम करने और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है. उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की. 

योजना का उद्देश्य और लाभ

पंजाब सरकार ने लोक भलाई वाली इस प्रमुख योजना की शुरुआत की है ताकि पंजाब के हर नागरिक, खास तौर पर समाज के कमजोर वर्गों को कैशलेस इलाज तक सीधी पहुंच मिल सके. लोगों को व्यापक स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ शुरू की है, जो देश में अपनी तरह की पहली योजना है. इसके तहत पंजाब का हर परिवार 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज करवा सकता है.

यह बहुत गर्व और संतुष्टि की बात है कि पंजाब व्यापक स्तर पर मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने वाला भारत का पहला राज्य बन गया है. यह योजना लोगों पर वित्तीय बोझ को काफी कम करेगी और साथ ही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच को सुनिश्चित करेगी.

रजिस्ट्रेशन की आसान प्रक्रिया

इस ऐतिहासिक कदम का उद्देश्य राज्य के सभी परिवारों को कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है. सभी सरकारी कर्मचारी, पेंशनभोगी और अन्य नागरिक स्वास्थ्य कार्ड के लिए पात्र हैं. यह स्वास्थ्य कार्ड सुविधा केंद्रों और कॉमन सर्विस सेंटरों से या आधार कार्ड या वोटर कार्ड का उपयोग करके ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है.

लोगों का उत्साह और राहत

लोगों से मिल रहे उत्साह का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना का पंजाब के लोगों ने भरपूर स्वागत किया है और लोग इस योजना का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में आगे आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस पहल ने उन परिवारों को बड़ी राहत पहुंचाई है, जिन्हें पहले बीमारी के इलाज का भारी खर्च अपनी जेब से देना पड़ता था.

दुष्प्रचार के खिलाफ कड़ा रुख 

कुछ पंजाब विरोधी ताकतें, जो नहीं चाहतीं कि राज्य के लोगों को ऐसी सुविधाएं मिलें, जानबूझकर इस प्रमुख योजना के बारे में झूठ फैला रही हैं. विपक्षियों द्वारा योजना को लेकर की जा रही बेतुकी बयानबाजी का मकसद लोगों को इस योजना से सिर्फ निराश करना है, जो पूरी तरह से गैर-वाजिब और अनुचित है.

अस्पतालों की सूचीबद्धता और दरें

राज्य सरकार ने इस योजना के तहत अधिक से अधिक निजी अस्पतालों को सूचीबद्ध किया है और इस योजना के तहत सरकार ने लगभग 2,600 बीमारियों और इलाज सेवाओं के लिए दरें निर्धारित की हैं.

भुगतान और कैशलेस इलाज की गारंटी

सरकार अस्पतालों को आपसी सहमति से तय दरों के अनुसार भुगतान करेगी, चाहे वे अस्पताल किसी बीमारी या इलाज सेवा के लिए बाहर के व्यक्तियों से कितनी भी अधिक राशि वसूल रहे हों. योजना के तहत सूचीबद्ध सभी अस्पताल सरकार द्वारा निर्धारित दरों पर इलाज देने के लिए बाध्य हैं और उन्हें यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि लाभार्थियों को कैशलेस इलाज मिले. अस्पतालों को सरकार द्वारा सीधा भुगतान किया जाएगा और लाभार्थियों से एक पैसा भी नहीं लिया जाएगा.

उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

योजना के तहत इलाज सेवाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार ने ठोस व्यवस्था बनाई है जिसके तहत अस्पताल में दाखिले से लेकर जांच या टेस्ट, इलाज और अस्पताल से छुट्टी तक की पूरी इलाज प्रक्रिया कैशलेस रहेगी. यदि कोई अस्पताल इस योजना के तहत किसी मरीज से पैसे की मांग करता है तो तुरंत सरकार को शिकायत दर्ज करवाई जाए. सरकार ऐसे गलत कामों में शामिल पाए जाने वाले किसी भी अस्पताल के खिलाफ सख्त, दंडात्मक और मिसाली कार्रवाई करेगी.

अंतिम अपील 

मैं पंजाब के लोगों से अपील करता हूं कि वे इस योजना का, जिसकी दुनिया भर में सराहना हो रही है, अधिक से अधिक लाभ उठाएं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag