विवाद में फंसे मोहम्मद दीपक को राहुल गांधी ने गले लगाकर किया सपोर्ट, बोले - 'ऐसी लौ हर युवा में जलनी चाहिए'

उत्तराखंड के दीपक कुमार उर्फ मोहम्मद दीपक ने राहुल गांधी से मुलाकात की है. कांग्रेस नेता ने कुछ तस्वीरें साझा कर दीपक की तारीफ की है.

Sonee Srivastav

नई दिल्ली: उत्तराखंड के कोटद्वार शहर में रहने वाले जिम संचालक दीपक कुमार, जिन्हें मोहम्मद दीपक के नाम से जाना जाता है, हाल ही में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिले. यह मुलाकात दिल्ली में हुई, जहां राहुल गांधी ने दीपक को गले लगाया और उनकी हिम्मत की सराहना की. राहुल ने कहा कि एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा के अंदर जलनी चाहिए.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

सब कुछ 26 जनवरी को शुरू हुआ, जब कोटद्वार के एक बाजार में एक बुजुर्ग मुस्लिम दुकानदार पर दबाव डाला जा रहा था कि अपनी दुकान के नाम से 'बाबा' शब्द हटा दें. इस दौरान दीपक ने आगे आकर विरोध किया. 

बहस के बीच जब उनसे उनका नाम पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "मेरा नाम मोहम्मद दीपक है." यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया. कई लोगों ने इसे सामाजिक सद्भाव का अच्छा उदाहरण बताया, जबकि कुछ ने आपत्ति जताई. इससे दीपक राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आ गए.

मुलाकात के बाद दीपक का बयान

मुलाकात के बाद दीपक ने कहा कि उनकी हिम्मत पहले से थी, लेकिन अब चार गुना बढ़ गई है. राहुल गांधी ने फोन कर बुलाया, जिससे उन्हें बहुत खुशी हुई. उन्होंने बताया कि वे गलत के खिलाफ नहीं, बल्कि सही बात के लिए आवाज उठाई थी. राहुल ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर कर लिखा कि हर इंसान एक समान है, यही भारतीयता है और यही मोहब्बत की दुकान. 

जिम पर पड़ा असर

विवाद के बाद दीपक के जिम का माहौल बदल गया. 31 जनवरी को कुछ लोगों ने उनके जिम के बाहर प्रदर्शन किया, जिसके बाद सदस्यों की संख्या 150 से घटकर 12-15 रह गई. कई लोग डर के कारण नहीं आ रहे हैं और कहते हैं कि हालात ठीक होने पर लौटेंगे.

जिम दूसरी मंजिल पर किराए की इमारत में है, जहां मासिक किराया 40 हजार रुपये है. साथ ही घर का लोन भी चुकाना पड़ता है. जिम ही परिवार की मुख्य कमाई का जरिया है, इसलिए आर्थिक दिक्कत बढ़ गई है.

परिवार पर पड़ा बुरा प्रभाव

कई सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकीलों ने दीपक के जिम की एक साल की सदस्यता ली, जिससे उन्हें मानसिक हौसला मिला. परिवार पर भी असर पड़ा. दीपक की तबीयत खराब हुई और उनकी बेटी कुछ दिनों तक स्कूल नहीं गई, लेकिन अब वह फिर जाने लगी है. दीपक कहते हैं कि वे किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते, बस अपना जिम चलाना चाहते हैं.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag