लाल किला और दिल्ली सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी, खालिस्तानी समूह के नाम से आया मेल
दिल्ली सचिवालय और लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल मिलने के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई है. जानकारी के अनुसार ये ईमेल एक खालिस्तानी समूह के नाम से आया था, जिसके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है.

नई दिल्ली: दिल्ली सचिवालय और लाल किले को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल मिलने के बाद दिल्ली पुलिस हरकत में आ गई है. अधिकारियों ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है. दोनों ही स्थानों को खाली करा कर वहां गहन तलाशी ली जा रही है. आसपास के इलाकों में बैरिकेडिंग कर तलाशी अभियान चलाया गया. बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर तैनात किया गया है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके.
ईमेल के स्रोत की जांच
जानकारी के अनुसार ये ईमेल एक खालिस्तानी समूह के नाम से आया था. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हो सकते हैं.
स्कूलों को भी मिली थी धमकी
सोमवार सुबह दिल्ली के धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें वहां पहुंचीं और एहतियातन दोनों स्कूलों को खाली कराया गया. हालांकि जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है.
राजधानी में हाई अलर्ट
खुफिया रिपोर्टों के आधार पर लाल किले के आसपास पहले से ही हाई अलर्ट लागू था. सुरक्षा एजेंसियों को जानकारी मिली है कि आतंकियों द्वारा धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को निशाना बनाया जा सकता है. इसी कारण चांदनी चौक और आसपास के प्रमुख मंदिरों व बाजारों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैबा द्वारा आईईडी हमले की योजना बनाए जाने की आशंका जताई गई है. हालांकि इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी खतरे को हल्के में नहीं ले रही हैं.
पहले भी हो चुका है विस्फोट
गौरतलब है कि 10 नवंबर की शाम लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास एक कार में विस्फोट हुआ था, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई थी और कई अन्य घायल हुए थे. उस घटना की जांच में फरीदाबाद में पकड़े गए एक आतंकी मॉड्यूल का लिंक सामने आया था.


