यूपी से बिहार तक आफत की बारिश, 44 लोगों की गई जान, दिल्ली-NCR में आज तूफान की चेतावनी

उत्तर प्रदेश और बिहार में आए तेज आंधी-तूफान, बारिश और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें 44 लोगों की जान चली गई. खराब मौसम ने जनजीवन, फसलों और बिजली व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया है, जबकि दिल्ली-NCR में भी तूफान का अलर्ट जारी किया गया है.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश और बिहार में सोमवार को आए तेज आंधी-तूफान, बारिश, ओलावृष्टि और वज्रपात ने भारी तबाही मचाई. इन प्राकृतिक आपदाओं के चलते दोनों राज्यों में कुल 44 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. मौसम के अचानक बदले मिजाज ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया.

इधर नई दिल्ली और दिल्ली-NCR में भी मौसम विभाग ने आज आंधी-तूफान और तेज बारिश की चेतावनी जारी की है. खराब मौसम के कारण पहले ही हवाई यातायात और बिजली आपूर्ति जैसी सेवाओं पर असर पड़ चुका है.

फसलों को भारी नुकसान, जनजीवन अस्त-व्यस्त

तेज आंधी और बारिश के चलते खेतों में खड़ी फसलें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. खासतौर पर आम, गेहूं और सब्जियों की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. कई जगहों पर बिजली के खंभे गिर गए और तार टूटने से सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई. इससे सड़कों पर आवागमन भी बाधित रहा.

50 से अधिक जिलों में अलर्ट, कई जगह दिन में छाया अंधेरा

लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जिलों में सोमवार सुबह अचानक मौसम बदला. सुबह साढ़े आठ बजे ही आसमान में काले बादल छा गए और अंधेरा जैसा माहौल बन गया. तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई, जिससे वाहनों को दिन में ही लाइट जलानी पड़ी.

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार और बुधवार को प्रदेश के पूर्वी से पश्चिमी हिस्सों तक तेज आंधी, मध्यम से भारी बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है. 60 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 40 से अधिक जिलों में वज्रपात की चेतावनी दी गई है.

बिहार के कई जिलों में तबाही, कई लोगों की मौत

बिहार के औरंगाबाद, गया, रोहतास, भोजपुर, वैशाली, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और बगहा जिलों में भारी नुकसान दर्ज किया गया है. औरंगाबाद में वज्रपात से तीन लोगों की मौत हुई, जबकि पांच ग्रामीण घायल हो गए.

गया जिले के शेरघाटी, टिकारी और कोंच थाना क्षेत्रों में वज्रपात से पांच लोगों की जान चली गई. पूर्वी चंपारण में सबसे अधिक पांच लोगों की मौत हुई है. आम और लीची की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है.

बिजली व्यवस्था ठप, कई जगह अंधेरा

तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर बिजली के पोल और तार गिर गए हैं, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है. ग्रामीण इलाकों में स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है.

खराब मौसम से हवाई सेवाएं प्रभावित

खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी देखने को मिला. उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य को लेकर दिल्ली से लखनऊ आ रहा विमान खराब मौसम के कारण बीच रास्ते में फंस गया और उसे भोपाल डायवर्ट करना पड़ा. मौसम सामान्य होने के बाद दोपहर 12:27 बजे विमान लखनऊ पहुंचा.

इसके अलावा दो अन्य विमान भी हवा में चक्कर लगाते रहे. वहीं, दिल्ली में कम दृश्यता के कारण रविवार रात 11 बजे से तड़के तीन बजे के बीच 15 विमानों को लखनऊ डायवर्ट किया गया. बाद में मौसम सुधरने पर ये विमान वापस दिल्ली के लिए रवाना हुए.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो