राजस्थान में आग उगलेगा आसमान! 7 दिन हीटवेव का अलर्ट, 24 मई से हालात होंगे और खराब

राजस्थान में आसमान से आग बरस रही है. भीषण गर्मी और हीटवेव के बीच कुछ जिलों में तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज हुई है, लेकिन गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें कम नहीं होने दीं. मौसम विभाग का कहना है कि अगले एक हफ्ते तक प्रदेश में तपिश और लू का कहर जारी रह सकता है.

Goldi Rai
Edited By: Goldi Rai

राजस्थान: राज्य में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर लगातार लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है. कुछ जिलों में तापमान में हल्की गिरावट जरूर दर्ज की गई, लेकिन गर्म हवाओं और उमस ने लोगों को राहत महसूस नहीं होने दी. मौसम विभाग ने साफ किया है कि अगले एक सप्ताह तक राज्य में तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 24 मई के बाद हीटवेव और ज्यादा खतरनाक रूप ले सकती है. कई जिलों में गंभीर गर्मी की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है. गुरुवार को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को बेहाल रखा.

श्रीगंगानगर लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म

राजस्थान में सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 45.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. इसके अलावा जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग के कई इलाकों में हीटवेव का असर देखने को मिला. दोपहर के समय तेज गर्मी के कारण सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम रही और ज्यादातर लोग घरों में रहने को मजबूर नजर आए.

कुछ जिलों में तापमान गिरा, लेकिन राहत नहीं

जैसलमेर, चूरू, बीकानेर, भीलवाड़ा और कोटा जैसे जिलों में तापमान सामान्य के आसपास या उससे थोड़ा कम दर्ज किया गया. हालांकि तेज गर्म हवाओं और उमस के कारण लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिली. सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को परेशान किया और दिन चढ़ने के साथ गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ गया.

आज और कल बदल सकता है मौसम

मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार, कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के कुछ उत्तर-पूर्वी इलाकों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. 22 और 23 मई को श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं और आसपास के क्षेत्रों में तेज हवा चलने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है. हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि इससे लंबे समय तक राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.

जयपुर में दिनभर चला हीटवेव का असर

राजधानी जयपुर में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान किया. शहर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. कई इलाकों में हल्की से मध्यम गति की हवाएं चलीं, लेकिन गर्मी कम नहीं हुई. मौसम विभाग ने अगले तीन से चार दिन तक इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान जताया है.

उदयपुर और कोटा में भी गर्मी से हाल बेहाल

लेकसिटी उदयपुर में अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. सुबह से ही तेज गर्मी महसूस होने लगी थी. वहीं कोटा में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और न्यूनतम 31.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. गर्मी से राहत देने के लिए अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में वनकर्मी जानवरों पर पानी का छिड़काव करते नजर आए.

अलवर और शेखावाटी क्षेत्र में बढ़ी तपिश

अलवर में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. दिनभर तेज धूप का असर बना रहा, हालांकि शाम के समय चली हल्की हवा से लोगों को थोड़ी राहत मिली. सीकर समेत पूरे शेखावाटी क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह से गर्मी का असर बना हुआ है. यहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री और न्यूनतम 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है.

जोधपुर में और बढ़ सकती है गर्मी

जोधपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान करीब 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. शहर में उमस और गर्म हवाओं का असर लगातार बना रहा. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले चार से पांच दिनों में तापमान और बढ़ सकता है तथा हीटवेव की स्थिति और ज्यादा गंभीर हो सकती है. विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है.

Topics

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो