नई दिल्ली: असम के मानस नेशनल पार्क से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां वाइल्डलाइफ सफारी के दौरान एक गैंडे ने पर्यटकों से भरी जीप पर हमला कर दिया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विशालकाय गैंडा गुस्से में जीप को सींग मारते हुए दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि कुछ सैलानी सफारी जीप में बैठकर जंगल का आनंद ले रहे थे और कैमरे से तस्वीरें खींच रहे थे. इसी दौरान जीप गैंडे के बेहद करीब पहुंच गई. खुद को खतरे में महसूस करते ही गैंडा अचानक आक्रामक हो गया और उसने सीधे जीप पर हमला बोल दिया.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि गैंडा पूरी ताकत के साथ जीप के साइड हिस्से पर सींग मार रहा है. उसकी टक्कर से जीप जोर-जोर से हिलने लगी और ऐसा लग रहा था मानो वह किसी भी वक्त पलट सकती है. जीप में बैठे लोग डर के मारे चीखते नजर आए. कुछ पल के लिए वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई और हर कोई अपनी जान बचाने की कोशिश करता दिखाई दिया.
खतरनाक स्थिति के बीच जीप ड्राइवर ने धैर्य नहीं खोया और तुरंत गाड़ी को रिवर्स गियर में पीछे ले गया. इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने भी शोर मचाकर गैंडे का ध्यान भटकाने की कोशिश की, जिससे स्थिति और बिगड़ने से बच गई. ड्राइवर की सूझबूझ और तेजी से लिए गए फैसले के कारण बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद वहां मौजूद पर्यटक काफी देर तक सहमे रहे.
विशेषज्ञों के मुताबिक, गैंडे सामान्य तौर पर शांत स्वभाव के होते हैं, लेकिन जब उन्हें खतरा महसूस होता है या कोई उनके बेहद करीब पहुंच जाता है, तो वे हमला कर सकते हैं. घटना के बाद वन विभाग ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. यह पता लगाया जा रहा है कि आखिर सफारी जीप जानवर के इतना करीब कैसे पहुंच गई. First Updated : Tuesday, 19 May 2026