बेंगलुरु में सनसनीखेज वारदात: घर में घुसकर 70 वर्षीय महिला की हत्या, 65 लाख का सोना लूटकर फरार आरोपी गिरफ्तार

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. नेलमंगला इलाके में 70 वर्षीय महिला की उसके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि उसका दिव्यांग पति उसी बिस्तर पर उसके बगल में लेटा था.

Yogita Pandey
Edited By: Yogita Pandey

बेंगलुरु: कर्नाटक के बेंगलुरु में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 70 वर्षीय महिला की घर में घुसकर गला काटकर हत्या कर दी ग. हैरानी की बात यह है कि घटना के समय उसका दिव्यांग पति उसी बिस्तर पर सो रहा था. हत्या के बाद करीब 65 लाख रुपये के सोने के गहने भी गायब मिले. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

यह वारदात उस समय सामने आई जब महिला के पति को फिजियोथेरेपी देने पहुंचे डॉक्टर ने घर के अंदर खून से लथपथ शव देखा. प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे लूट की मंशा सामने आई है. पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पति के सामने की गई हत्या

मृतका की पहचान शोभा के रूप में हुई है, जो अपने पति रंगनाथ के साथ नेलमंगला के हीरापुर स्थित कोटे बीड़ी क्षेत्र में रहती थीं. रंगनाथ पिछले करीब 15 वर्षों से पैरालाइज्ड हैं और बिस्तर पर ही रहते हैं. दंपती की कोई संतान नहीं थी और वे अकेले ही जीवन बिता रहे थे.

घटना वाले दिन दोनों अपनी रोजाना की मॉर्निंग वॉक के बाद घर लौटे थे. रात के दौरान आरोपी ने घर में घुसकर शोभा का गला काट दिया. बताया गया है कि घटना के समय उनका पति पास ही लेटा था, लेकिन उसे हमले की भनक तक नहीं लगी.

डॉक्टर के आने पर खुला राज

अगली सुबह जब डॉक्टर रंगनाथ को फिजियोथेरेपी देने पहुंचे, तब इस जघन्य हत्या का खुलासा हुआ. शोभा का शव बिस्तर पर खून से सना मिला, जबकि रंगनाथ उसी के बगल में लेटे हुए थे.

450 ग्राम सोना और 65 लाख की लूट

पुलिस ने होलसेल दुकान के मालिक शिवकुमार को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उसने रात करीब 1:03 बजे घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया.

जांच के अनुसार, हत्या का मकसद आर्थिक लाभ था. शोभा एक ज्वेलरी शॉप मालिक की बेटी थीं और घटना के समय भारी सोने के आभूषण पहने हुए थीं. घर में नकदी न मिलने पर आरोपी ने महिला की चेन, चूड़ियां और अन्य गहने उतार लिए.

करीब 450 ग्राम सोना गायब बताया जा रहा है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये है.

CCTV से खुला राज

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी को घटना के तुरंत बाद मोटरसाइकिल पर भागते हुए देखा गया. पुलिस ने आसपास लगे कैमरों से वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर ट्रेस कर आरोपी तक पहुंच बनाई.

सबूत के तौर पर पुलिस ने मोटरसाइकिल, हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है.

भीड़ में शामिल होकर शक से बचने की कोशिश

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिवकुमार शुरुआती जांच के दौरान क्राइम सीन पर वापस आया और भीड़ में खड़ा होकर तमाशबीन बना रहा. बाद में वह अपने एक्टिवा स्कूटी से घर लौट गया, ताकि शक से बच सके.

हालांकि, स्कूटर के रजिस्ट्रेशन नंबर ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

ताजा खबरें

ट्रेंडिंग वीडियो

close alt tag