मिस्र में मिला 3,000 साल पुराना सोने का शहर, तूतनखामेन के मकबरे जैसी बड़ी खोज
मिस्र के पूर्वी रेगिस्तान की सुकारी पहाड़ियों में पुरातत्वविदों को 3,000 साल पुराना एक विशाल गोल्ड प्रोसेसिंग कॉम्प्लेक्स मिला है. इस खोज की तुलना तूतनखामेन के मकबरे जैसी ऐतिहासिक खोजों से की जा रही है.
नई दिल्ली: काहिरा के पूर्वी रेगिस्तान स्थित सुकारी पहाड़ियों में पुरातत्वविदों ने एक प्राचीन सोने के शहर की खोज की है, जो लगभग 3,000 वर्ष पुराना बताया जा रहा है. यह खोज मिस्र के पर्यटन और प्राचीन वस्तु मंत्रालय की एक दीर्घकालिक परियोजना का हिस्सा है. यहां सिर्फ खदान के अवशेष ही नहीं, बल्कि व्यवस्थित गोल्ड प्रोसेसिंग कॉम्प्लेक्स मिला है, जिसमें पत्थर पीसने की इकाइयां, फिल्ट्रेशन बेसिन, सेडीमेंट टैंक और सोना गलाने की मिट्टी की भट्ठियां शामिल हैं. इससे संकेत मिलता है कि यह कोई अस्थायी शिविर नहीं, बल्कि सुनियोजित औद्योगिक केंद्र था.
खास बात यह है कि यहां फैरोनिक, रोमन और इस्लामिक काल के वास्तु अवशेष भी मिले हैं. खनन क्षेत्र के आसपास रहने योग्य बस्ती के प्रमाण मिले हैं, जिससे पता चलता है कि यहां लोग काम, पूजा और व्यापार करते थे.


